logo

सीएम हेमंत सोरेन ने ऑक्सीजन युक्त 50 बेड वाले हॉस्पिटल का किया उद्घाटन, दिया ये संदेश

7877news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची: 
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची में रातू रोड चौराहा स्थित नगर निगम के ऑक्सीजन युक्त कोविड हॉस्पिटल का उद्घाटन किया। हॉस्पिटल में 40 ऑक्सीजन बेड की व्यवस्था की गयी है। कार्यक्रम में स्वास्थ्य सह आपदा प्रबंधन मंत्री बन्ना गुप्ता भी सीएम के साथ मौजूद रहे। इससे पहले सीएम ने रिम्स में 350 बेड के कोविड केयर और डोरंडा में 100 बेड वाले कोविड हॉस्पिटल का उद्घाटन किया था। 

स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह में किया बदलाव
मुख्यमंत्री ने हॉस्पिटल के उद्घाटन के बाद पत्रकारों से बातचीत में बताया कि वर्तमान में संक्रमण के हालात को देखते हुए राज्य में स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह की अवधि को 6 मई तक के लिए बढ़ाने का फैसला किया गया। इसमें कुछ बदलाव किया गया है। अब दुकान और प्रतिष्ठान रात 8 बजे तक की बजाय दोपहर 2 बजे तक ही खुले रहेंगे। लोगों को दोपहर 3 बजे तक ही मूवमेंट करने की इजाजत दी जायेगी। 3 बजे के बाद जरूरी सेवाओं को छोड़कर बाकी सब बंद हो जायेगा। 

ऑक्सीजन युक्त बेडों की संख्या बढ़ाएंगे
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि जिस तरीके से राज्य में संक्रमण की रफ्तार बढ़ रही है, हमारी सरकार उसी रफ्तार में ऑक्सीजन युक्त बेड वाले हॉस्पिटल की संख्या बढ़ा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिलों में सरकारी हो या निजी, सभी अस्पतालों को ये निर्देश दिया गया है कि अतिरिक्त 50 सामान्य बेड की व्यवस्था की जाये। इसमें उन मरीजों को शिफ्ट किया जाये जिनका ऑक्सीजन लेवल तो ठीक है लेकिन किन्हीं कारणों से उन्हें चिकित्सकों की निगरानी में रखने की जरूरत है। 

पहली प्राथमिकता लोगों का बेहतर स्वास्थ्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान हालात में हमारी सरकार की पहली प्राथमिकता लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करवाना है। इसके लिए हम लगातार प्रयासरत हैं। सभी विभागों को साथ मिलकर काम करने का निर्देश दिया गया है। जिलों के उपायुक्त को निर्देश दिया गया है कि कोरोना मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा का लाभ मिले। आने वाले दिनों मे ऑक्सीजन बेड की संख्या बढ़ाई जायेगी।