logo

Madhupur Election 2021: मधुपुर में कौन जीतेगा सबको पता है! CM हेमंत सोरेन ने किया जीत का दावा

6474news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची: 
मधुपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव की तारीखों के एलान के साथ ही झारखंड का सियासी पारा चढ़ गया है। राजनीतिक बयानबाजियां शुरू हो गयी हैं। सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि मधुपुर सीट पर क्या परिणाम आने वाला है, ये सबको पता है। हम यहां से जीतते आये हैं और जीतेंगे। मधुपुर विधानसभा सीट झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता और हेमंत सरकार में अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री रहे हाजी हुसैन अंसारी के निधन से खाली हुई है। झामुमो ने उनके बेटे हफीजुल अंसारी को मंत्री बनाया है। 

मिथिलेश ठाकुर ने कहा जीत 200 फीसदी पक्की
झामुमो विधायक और राज्य के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि मधुपुर विधानसभा सीट पर उनकी पार्टी की जीत 200 फीसदी तय है। मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि हमने दुमका और बेरमो विधानसभा सीट पर जीत हासिल की है और अब मधुपुर विधानसभा सीट पर भी जीत हासिल करेंगे। दुमका विधानसभा सीट से झामुमो विधायक और सीएम हेमंत सोरेन के छोटे भाई बसंत सोरेन ने कहा कि मधुपुर सीट हमारी थी और हमारी ही रहेगी। उन्होंने कहा कि मधुपुर सीट उनकी परंपरागत सीट है।
उन्होंने कहा कि जनता हमारे डेढ़ साल के कामकाज के आधार पर वोट देगी। बसंत सोरेन ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा यहां बड़ी मार्जिन से जीत हासिल करेगी। सरकार का काम ही हमें जितायेगा। 

गठबंधन प्रत्याशी की जीत मधुपुर में पक्की है! 
विधानसभा में संसदीय दल के नेता और ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम ने कहा कि मधुपुर सीट से गठबंधन का प्रत्याशी ही विजयी होगा। आलमगीर आलम ने कहा कि मधुपुर की जनता गठबंधन सरकार के सवा साल के काम के आधार पर गठबंधन प्रत्याशी को वोट देगी। इस सीट से उनका प्रत्याशी ही जीतेगा। 

17 अप्रैल को होगी वोटिंग 2 मई को परिणाम
बता दें कि मधुपुर विधानसभा सीट पर चुनाव की तारीखों का एलान चुनाव आयोग ने मंगलवार की शाम को किया। चुनाव आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक मधुपुर विधानसभा सीट पर 17 अप्रैल को मतदान होगा। चुनाव का परिणाम 2 मई को आयेगा। इसी दिन पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम, केरल और पुदुचेरी विधानसभा चुनाव के भी परिणाम आयेंगे। 23 मार्च से नामांकन की प्रक्रिया शुरू होगी। 30 मार्च को नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख है। बीजेपी और आजसू ने फिलहाल पत्ते नहीं खोले हैं।