द फॉलोअप टीम, लखनऊ:
उत्तर प्रदेश के चुनाव को अभी कुछ महीने बाकी हैं। लेकिन राजनीतिक बिसात बिछाई जाने लगी है। पंचायत चुनाव में अपेक्षित परिणाम नहीं आने और कोरोनाकाल में उपजे जन असंतोष के कारण सत्ताधारी भाजपा अपनी तमाम रणनीतियां आजमाने जा रही है। संघ ने भी अपनी ताकत झोंक दी है। लेकिन प्रमुख विपक्षी दल सपा पंचायत चुनाव के नतीजे से उत्साहित है। वहीं कांग्रेस की प्रियंका गांधी भी सक्रिय हो गई हैं। दूसरी ओर बसपा को लेकर सियासी गलियारे में तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। मायावती क्या भाजपा की ओर जाएंगी या सपा से फिर गठबंधन करेंगी। इस बीच राजधानी में खबर उड़ी कि बसपा का एआईएमआईएम से चुनावी गठबंधन होने जा रहा है। लेकिन अब दोनों दलों ने इसका खंडन कर दिया है।
मायावती ने कहा, गठबंधन की खबर अफवाह
बसपा सुप्रीमो व पूर्व सीएम मायावती ने उन खबरों का खंडन किया है, जिसमें कहा गया था कि वे एआईएमआईएम से यूपी विधानसभा चुनाव में गठबंधन करेंगी। उन्होंने ट्वीट कर ऐसी खबरों को सिरे से खारिज किया है। ट्वीट में लिखा कि, ये भ्रामक और तथ्यहीन खबरें हैं। इनमें रत्ती भर भी सच्चाई नहीं है। उन्होंने दूसरे ट्वीट में कहा कि, इस सम्बन्ध में पार्टी द्वारा फिर से यह स्पष्ट किया जाता है कि पंजाब को छोड़कर, यूपी और उत्तराखण्ड प्रदेश में अगले वर्ष के प्रारंभ में होने वाला विधानसभा का यह आम चुनाव बीएसपी किसी भी पार्टी के साथ कोई भी गठबन्धन करके नहीं लड़ेगी अर्थात् अकेले ही लड़ेगी।
ओवैसी बोले, उत्तर प्रदेश में 100 सीटों पर चुनाव लड़ेगी AIMIM
इधर, यूपी चुनाव को लेकर बीएसपी से किसी भी प्रकार के गठबंधन से एआईएमआईएम प्रमुख बैरिस्ट़र असदुद्दीन ओवैसी ने भी इंकार किया है। उन्होंने कहा है, ''हमने फैसला लिया है कि हम 100 सीटों पर अपना उम्मीदवार खड़ा करेंगे। हमारी और किसी पार्टी से चुनाव या गठबंधन के सिलसिले में कोई बात नहीं हुई है। इस प्रकार उन्होंने बसपा से गठबंधन की बात को ख़ारिज किया। वहीं कहा कि हम भागीदारी संकल्प मोर्चा के साथ हैं। इसके अलावा हमारी और किसी पार्टी से चुनाव या गठबंधन के सिलसिले में कोई बात नहीं हुई है।