logo

धनबाद: कोयला कारोबारी के घर बम से हमला, अमन सिंह गिरोह ने ली घटना की जिम्मेदारी

10229news.jpg
द फॉलोअप टीम, धनबाद: 

भारत की कोयला राजधानी के नाम से मशहूर झारखंड के धनबाद जिला से एक बड़ी खबर सामने आई है। गैंगवार और खूनी संघर्ष के लिए मशहूर धनबाद जिले के कतरास में  कोयला कारोबारी के घर पर बम से हमला किया गया। यह घटना रविवार की देर रात कतरास थाना क्षेत्र के भगत मोहल्ले में हुई है। जानकारी के अनुसार बाइक पर सवार होकर आए अपराधियों ने कोयला कारोबारी संजय लोयलका के घर पर बम से हमला किया है। कारोबारी के घर पर चार बम फेंके गए जिसमें तीन में विस्फोट हो गया, जबकि एक जीवित बम मौके से बरामद किया गया है।

बाइक सवार अपराधियों ने किया था हमला
जानकारी के अनुसार बाइक सवार दो अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया है।  घटना को कतरास थाना से महज दो सौ गज की दूरी पर घटना को अंजाम दिया गया। अपराधी कोयला कारोबारी के घर लगातार चार बम फेंककर तेजी से भाग निकले। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। मिली जानकारी के मुताबिक अमन सिंह गिरोह ने हमले की जिम्मेदारी ली है। अपराधियों ने घटनास्थल पर पर्चा भी छोड़ा है। इसमें लिखा कि वो अमन सिंह का आदमी छोटू सिंह है। 

घटनास्थल पर बदमाशों ने पर्चा भी छोड़ा था
घटनास्थल पर मिले पर्चे में मामला मैनेज करने की बात लिखी है। कहा गया है कि यदि उनकी बात नहीं मानी गई तो उनका हाल भी लाला खान जैसा होगा। गौरतलब है कि पंद्रह दिन पहले रांची जेल में बंद अमन सिंह के नाम से छोटू सिंह ने फोन कर लोयलका से रंगदारी मांगी थी। लोयलका ने मामले में कतरास थाने में प्राथमिकी दर्ज करवाई थी। इसी बीच रविवार रात को यहां बम से हमला किया गया।