logo

पार्लियामेंट में हुआ प्रोटेस्ट वर्सेज प्रोटेस्ट! निलंबित विपक्षी सांसदों के विरोध के खिलाफ BJP का प्रदर्शन

15677news.jpg

द फॉलोअप टीम, दिल्ली: 

पार्लियामेंट का शीतकालीन सत्र जारी है। सोमवार से शुरू हुआ शीतकालीन सत्र अभी तक हंगामेदार ही रहा है। मुद्दों को लेकर हंगामे के आसार तो थे ही, राज्यसभा से विपक्ष के 12 सांसदों के निलंबन ने इसमें आग में घी डालने का काम किया। जिन 12 सांसदों को निलंबित किया गया वे तो बीते कई दिनों से गांधी प्रतिमा के समक्ष बैठे ही हैं, अब भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सांसदों ने भी प्रोटेस्ट शुरू कर दिया है। संसद में प्रोटेस्ट वर्सेज प्रोटेस्ट चल रहा है। 

12 राज्यसभा सांसदों को किया निलंबित
गौरतलब है कि शुक्रवार को पूरे शीतकालीन सत्र के लिए 12 राज्यसभा सांसदों के निलंबन को लेकर जारी विपक्ष के विरोध प्रदर्शन के बीच बीजेपी के राज्यसभा सांसदों ने भी गांधी प्रतिमा के सामने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। बीजेपी विधायक, विपक्षी विधायकों के विरोध के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी का कहना है कि विपक्षी सांसदों का व्यवहार अलोकतांत्रिक, अमर्यादित और असंसदीय है। हम इसकी निंदा करते हैं। 

बीजेपी के विरोध पर क्या बोले शशि थरूर
विपक्षी सांसदों के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी के सांसदों के विरोध प्रदर्शन पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता शशि थरूर ने कहा कि बीजेपी सांसदों ने यहां आकर जले पर नमक छिड़कने का काम किया। ये उकसावे वाली हरकत थी। शशि थरूर ने कहा कि बीजेपी को एकजुटता दिखानी चाहिए थी। शशि थरूर ने कहा कि मेरे सहयोगियों को अन्यायपूर्ण तरीके से सदन से निष्कासित किया गया। शशि थरूर ने कहा कि संसदीय इतिहास में ऐसा पहले कभी नहीं हुआ। 

इन पार्टियों के सांसदों को किया निलंबित
गौरतलब है कि राज्यसभा के 12 विपक्षी सांसदों को पूरे शीतकालीन सत्र के लिए निलंबित किया गया है। सत्र 23 दिसंबर को खत्म होगा। इनके खिलाफ मानसून सत्र के दौरान किए गये हंगामे को लेकर कार्रवाई की गई है। राज्यसभा से कांग्रेस के 6, शिवसेना के 2, टीएमसी के 2, सीपीआई के 1 और सीपीएम के 1 सांसद को निलंबित किया गया है। कांग्रेस से फूलो देवी नेताम, छाया वर्मा, रिपुन बोरा, राजमनी पटेल, सैयद नासिर हुसैन और अखिलेश प्रसाद सिंह को निलंबित किया गया। टीएमसी से डोला सेन और शांता छेत्री, शिवसेना से प्रियंका चतुर्वेदी और अनिल देसाई तथा सीपीएम के एलाराम करीम और सीपीआई के विनोय विश्वम को निलंबित किया गया।