द फॉलोअप टीम, रांची:
झारखण्ड में विधानसभा का चुनाव 2024 में होना है लेकिन राज्य में बीजेपी की गतिविधियों को देखते हुए लग रहा है कि पार्टी 2024 की तैयारी अभी से शुरू कर दी है। 23 अक्टूबर से रांची में भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक तो हुई ही जिसमें देश भर के एसटी मोर्चा के पदाधिकारी शामिल हुए। इधर पार्टी अपने स्तर पर भी तैयारी में जुट गई है। यही वजह है कि शनिवार को दिन भर पार्टी कार्यालय में बैठकों का दौर जारी रहा। इन बैठकों में पार्टी में राष्ट्रीय महासचिव बीएल संतोष भी मौजूद रहे। हालांकि कहा यह जा रहा है कि यह बैठक उत्तरप्रदेश चुनाव को ध्यान में रखते हुए की गई है।

दिन भर प्रदेश कार्यालय में हुई बैठक
रांची के हरमू रोड स्थित बीजेपी प्रदेश कार्यालय में विधायक दल की बैठक हुई। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव बीएल संतोष की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी, प्रदेश महामंत्री धर्मपाल के साथ - साथ सभी विधायक मौजूद रहे। इस बैठक में झारखण्ड की वर्तमान स्थिति के साथ आगे की रणनीति पर भी चर्चा हुई। इसके बाद भाजपा कोर कमेटी की बैठक हुई। जिसमेंं पार्टी के सभी कोर कमेटी सदस्य मौजूद रहे। जिला अध्यक्ष और जिला प्रभारियों की भी बैठक हुई। जिसमें सभी जिला अध्यक्ष और प्रभारी मौजूद रहे। बता दें कि बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव बीएल संतोष तीन दिवसीय झारखण्ड दौरे पर हैं।

बाबूलाल मरांडी और दीपक प्रकाश का दौरा
बीजेपी विधायक दल के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी रविवार से चार दिवसीय पलामू प्रमंडल के दौरा पर रहेंगे। इस दौरान वह पहला दिन चतरा फिर लातेहार, पलामू और गढ़वा का दौरा करेंगे। इससे पहले भी बाबूलाल मरांडी भी संथाल परगना का दौरा कर चुके हैं. बाबूलाल के साथ - साथ बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश भी संथाल परगना का दौरा कर चुके हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश हजारीबाग, कोडरमा, गिरीडीह, धनबाद और बोकारो दौरा पर 25 अक्टूबर से रहेंगे।