द फॉलोअप टीम, रांची:
भाजपा नेता विधायकदल और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने विश्व आदिवासी दिवस पर कहा कि समाज को हर प्रकार से स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बनाने के लिये संकल्पित होने का आज दिन है। प्रकृति ने किसी के साथ भेदभाव नहीं किया। फिर भी आज एक बड़ा वर्ग अपनी मूलभूत सुविधाओं जैसे भोजन ,वस्त्र, आवास से वंचित है। जबकि आदि काल मे मानव सभी बराबर थे। आखेट कर जीवन जीते थे। धीरे-धीरे विकास की प्रक्रिया आगे बढ़ी। खेती प्रारंभ हुई और घर बनाने की कला विकसित हुई। विकास की प्रक्रिया में एक बडे वर्ग,समुदाय के पिछड़ेपन पर समाज वैज्ञानिकों ने सोचना प्रारम्भ किया। आगे चलकर संयुक्त राष्ट्र संघ ने 9 अगस्त को विश्व मूलवासी दिवस घोषित किया। बाबूलाल ने कहा कि आज भी केंद्र की सरकार विकास की अनेक कल्याणकारी योजनाएं चला रही है। नौकरियों में अवसर के विशेष प्रावधान किए गए हैं। पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक राजनीतिक भागीदारी भी सुनिश्चित की गई है। बस जरूरत है अवसर के साथ उसे जोड़ने की। सिंहावलोकन का भी दिन है कि हम कहाँ है और लक्ष्य तक कैसे पहुंचें।

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों को बना रही है सशक्त: दीपक प्रकाश
इधर, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश बोले कि आज एक नया इतिहास भारत के नाम के साथ जुड़ गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद बैठक की अध्यक्षता की।ऐसा पहली बार हुआ है, जब समुद्री सुरक्षा जैसे गंभीर मसले पर उच्च स्तरीय और खुली बहस हो रही है। समुद्री सुरक्षा एक गंभीर मसला है लिहाजा UNSC में इस पर व्यापक चर्चा महत्वपूर्ण है। इस पर एक व्यापक नजरिया होना चाहिए ताकि वैध समुद्री गतिविधियों की रक्षा हो सके। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों के खाते में 2000 रुपये की किस्त ट्रांसफर करने पर प्रधानमंत्री का आभार प्रकट किया। कहा कि पीएम किसान योजना की 9वीं किस्त जारी होने से किसानों को विशेष लाभ मिलेगा। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में योग्य लाभार्थी किसान परिवारों को हर साल 6000 रुपये की आर्थिक मदद से किसानों को बड़ी राहत मिली है।