द फॉलोअप टीम, रांची:
राज्य के वित्त मंत्री और कांग्रेस के अध्य क्ष रामेश्वपर उरांव के भीतरी-बाहरी वाले कथित बयान पर भाजपा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। सीएम हेमंत सोरेन और कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी एनपीएन सिंह से जवाब तलब किया है। वहीं कहा है कि अपनी विफलता छुपाने के लिए सत्ताधारी अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं।
फूट डालो और राज करो कांग्रेस की पुरानी नीति: आदित्य साहू
भाजपा के प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू ने कहा कि संविधान की शपथ खाने वाले आज उसकी अवमानना कर रहे हैं। फूट डालो और राज करो। यह कांग्रेस की पुरानी रीति नीति है। यह इनके डीएनए में शामिल है जिसकी अभिव्यक्ति प्रदेश अध्यक्ष के मुंह से हुई है। जनता सरकार के खिलाफ आक्रोशित है और सडकों पर उतरने को मजबूर है। ऐसे में उल्टे-सीधे बयान देकर सत्ता में बैठे ठग बंधन के लोग जनता को दिग्भ्रमित कर रहे हैं।
संविधान की मर्यादा तार-तार करने वाले मंत्री इस्तीफा दें: संजय सेठ
राँची के सांसद संजय सेठ ने अपने प्रेस बयान में कहा कि बिहारी और मारवाड़ी समुदाय के प्रति दिया गया झारखंड के मंत्री रामेश्वर उरांव का बयान बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। संविधान की मर्यादा तार-तार करने वाला बयान है। आईपीएस की नौकरी करने वाले और अब राजनीति में सक्रिय रहने वाले व्यक्ति का बयान कांग्रेस पार्टी की मानसिकता को दर्शता है। नैतिकता के आधार पर उन्हें मंत्रिमंडल से तत्काल इस्तीफा देना चाहिए और झारखंड की जनता से माफी मांगनी चाहिए।