द फॉलोअप टीम
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर उन्हें याद करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा है कि भारत की आत्मा गांव में बसती है और महात्मा गांधी का सपना था कि देश को अगर आत्मनिर्भर बनाना है तो उसके लिए गांव और ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनाना होगा। शुक्रवार को रांची के मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पत्रकारों से मुखातिब थे।
'गांधी के सपने को साकार करें'
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के नाम पर पिछले 70 वर्षों से सिर्फ राजनीति की गयी है, लेकिन बापू के सपने को संकल्प में बदलकर सिद्धि तक पहुंचाने का काम देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की सभी योजनाओं में गांव, गरीब, दलित, किसान, युवा, महिलाओं को केंद्र में रखा जाता है। प्रधानमंत्री का संकल्प है कि भारत को आत्मनिर्भर बना कर वे महात्मा गांधी के सपने को साकार करें।
'गांधी जी ने अपना जीवन होम कर दिया'
केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा गांधी जी को याद करते हुए कहा कि गांधी जी का सपना हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी साकार कर रहे हैं। देश गांधी के आदर्शों पर चल रहा है। गांधी जी ने देश की आजादी दिलाने अपना जीवन होम कर दिया। हमें उनके जीवन से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना चाहिए।
'खादी है बापू की पहचान'
गांधी जयंती के अवसर पर रांची के सांसद संजय सेठ ने कहा कि महात्मा गांधी के रास्ते पर सभी देशवासियों को चलने की कोशिश करनी चाहिए और खादी को अपनाना चाहिए। खादी उनकी पहचान है। स्वराज स्वदेशी उनकी कल्पना रही है, जो हमारे मंत्री से विधायक सभी उसे साकार करने में लगे हुए हैं।
भाजपाइयों ने बापू को श्रद्धा सुमन अर्पित किए
महात्मा गांधी के 151वें जयंती के अवसर पर रघुवर दास के अलावा रांची सांसद संजय सेठ, कांके विधायक समरी लाल, चंदनकियारी विधायक सह भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अमर कुमार बाउरी ने मोराबादी स्थित बापू वाटिका में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इसके अलावा नेताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर उन्हें भी याद कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।