logo

बेटी के साथ दुष्कर्म के आरोप में भाजपा नेता को जेल, पार्टी ने अपना मानने से किया इंकार

10151news.jpg
द फाॅलोअप टीम, भोपाल:
मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में पवई एक कस्बा है, जहां से निकली एक खबर राज्यभर में वायरल हो रही है। एक नाबालिग लड़की ने अपने ही पिता पर उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने 24 घंटे में आरोपी सतीश मिश्रा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामला दो दिन पहले का है। आरोपी भाजपा का नेता बताया जाता है। कांग्रेस ने भाजपा का सक्रिय नेता बताया है, जबकि भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी आशीष तिवारी ने इससे इंकार किया है। उनका कहना है कि सतीश मिश्रा पार्टी का प्राथमिक सदस्य  भी नहीं है। जबकि आरोपी की फोटो कुछ और ही तस्दीक करती है।



भाग रहे आरोपी को पुलिस ने दबोचा
पवई एसडीओपी रक्षपाल सिंह यादव के अनुसार कि 17 साल की लड़की ने अपने पिता पर दुष्कर्म के आरोप लगाए थे। थाना प्रभारी एसपी शुक्ला ने तुरंत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा के निर्देशन में एक टीम बनी, जिसने भाग रहे आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया। टीम में एसआई अंजली सिंह राजपूत, सलेहा थाना प्रभारी अभिषेक पांडे, एएसआई हरिराम उपाध्याय आरक्षक वीरेंद्र खरे और आरक्षक बच्चू सिंह शामिल थे।