द फॉलोअप टीम, रांची
दुमका बेरमो उपचुनाव से पूर्व झामुमो के बड़बोलेपन को लेकर भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से मिलकर शिकायत दर्ज करवायी है। इस दौरान प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू ने कहा कि आगामी 3 नवंबर को दुमका एवं बेरमो विधानसभा का उपचुनाव होना है, इससे पूर्व झामुमो के नेताओं का बड़बोलापन शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि गत 20 अक्टूबर को झामुमो के केंद्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने प्रेसवार्ता के माध्यम से भाजपा नेताओं के बारे में भद्दी एवं अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया है, जो आदर्श चुनाव आचार संहिता का घोर उल्लंघन है।
तत्काल संज्ञान लेने की अपील
शिकायत पत्र में कहा गया है दूसरे को नसीहत देने के बजाए खुद शब्दों का प्रयोग करना सीखना चाहिये। असंसदीय एवं आपत्तिजनक शब्दों से लोकतंत्र की मर्यादाएं आहत होती हैं। किसी पार्टी के विषय में असंसदीय भाषा का प्रयोग करना उचित नहीं है। झामुमो नेता के बयान की एक वीडियो की प्रति पेन ड्राइव के माध्यम से चुनाव आयोग को दिया गया है। प्रतिनिधिमंडल ने सुप्रियो भट्टाचार्य द्वारा भाजपा नेताओं के खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने के खिलाफ तत्काल संज्ञान लेने की अपील की गई है। आदर्श चुनाव आचार संहिता के तहत मामला दर्ज करने का अनुरोध किया गया है। शिकायत पत्र की एक प्रति मुख्य चुनाव आयुक्त नई दिल्ली, उपायुक्त दुमका और बोकारो व अनुमंडल पदाधिकारी, दुमका और बेरमो को भी भेजी गई है।