logo

भाजपा का आरोप, झारखंड में अघोषित आपातकाल, रूपा तिर्की हत्याकांड में सरकार शामिल

11431news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची:

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद दीपक प्रकाश ने कहा कि राज्य की कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। लॉ एंड ऑर्डर बद से बद्तर हो हालत में है। जंगल राज की आहट महसूस हो रही है। 19 महीने के कार्यकाल में 2978 हत्या, 2711 दुष्कर्म, 2400 अपहरण, 538 नक्सल वारदात, 1226 लूट - डकैती, 41 लोगों की डायन हत्या से राज्य की जनता भयभीत हैं। कुल मिलाकर दस हजार से ज्यादा संगीन मामले दर्ज हुए हैं जो हेमन्त सरकार की नाकामियों को दर्शाते हैं। लगभग 5 लोगों का प्रत्येक दिन हत्या और दुष्कर्म और अपहरण हो रहा है।  प्रेसवार्ता में प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू और मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक भी उपस्थित थे।

 

रूपा तिर्की मामले में भी सीबीआई जांच की अनुशंसा करे सरकार

दीपक प्रकाश ने कहा कि भाजपा की मांग और झारखण्ड की जनता की भावनाओं के सामने राज्य सरकार को झुकना पड़ा और जज उत्तम आनंद हत्या की जांच सीबीआई से कराने के लिए अनुशंसा करनी पड़ी। उत्तम आनंद की हत्या के बाद सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी ने हेमन्त सरकार के कानून व्यवस्था की पोल खोल दी। उन्होंने कहा कि राज्य की प्रतिभाशाली रूपा तिर्की की संदिग्ध हत्याकांड में अब तक सीबीआई जांच के आदेश नहीं देने की नीति ने स्पष्ट कर दिया है कि इस हत्याकांड में कहीं न कहीं दाल में काला है। हेमन्त सरकार को जनता की आवाज सुननी चाहिए और रूपा तिर्की हत्याकांड की जांच भी सीबीआई से कराने के लिए अविलंब अनुशंसा करनी चाहिए। 

सवा तीन लाख रिक्त पड़े पदों पर बहाली के लिए भाजपा का आंदोलन

दीपक प्रकाश ने कहा कि हेमन्त सरकार ने रोजगार के मुद्दे पर सर्वाधिक युवाओं को ठगने का कार्य किया है। नियुक्ति वर्ष, प्रत्येक वर्ष 5 लाख की नौकरी, अन्यथा सन्यास लेने के मामले में धोखा दिया है। 3.29 लाख पद रिक्त पड़ा हुआ है। पारा शिक्षकों, आंगनबाड़ी, संविदाकर्मियों को धोखा दिया है। जेपीएससी परीक्षा मामले में हाईकोर्ट का निर्देश पालन करने में चेयरमैन कठघरे में हैं। नौजवानों की लड़ाई में भाजपा कंधे से कंधा मिलाकर लड़ेगी। कोरोना काल में भाजपा के कार्यकर्ताओं द्वारा संघर्ष किए जाने पर, किसानों के मुद्दे पर संघर्ष किए जाने पर 171 लोगों पर एफआईआर किया, जबकि कांग्रेस राजभवन के समक्ष कानून को ताख पर रखकर प्रदर्शन कर रही है। यह दोहरा चरित्र है। 

 

पहले पुनर्वास फिर विस्थापन करे हेमन्त सरकार

प्रकाश ने कांग्रेस पर प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दल जनता की गाढ़ी कमाई बर्बाद कर रही है। राज्यसभा और लोकसभा में बेवजह गतिरोध कर समय की बर्बादी कर रही है। जनता के टैक्स के पैसे से सदन चलता है। इसके साथ ही उन्होंने अतिक्रमण के नाम पर चलाए जा रहे अभियान को लेकर कहा कि हेमन्त सरकार पहले पुनर्वास करे फिर विस्थापन करे। बारिश में आशियाना उखाड़ना कतई ठीक नहीं। यह अघोषित आपातकाल है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि आरआरडीए के माध्यम से भर्ष्टाचार का नया खेल शुरू हुआ है। ग्रामीण क्षेत्र में भी नोटिस दिया जा रहा है। यह काला कानून है। साथ ही उन्होंने हेमन्त सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि यह सरकार पैसे के अभाव में झूठा रोना रो रही है जबकि डीएमएफटी में पांच हजार करोड़ से ज्यादा पैसा पड़ा हुआ है। जो की आपदा से संबंधित जिले के विकास के लिए आवंटित है। किंतु इस सरकार में विकास के लिए रोडमैप नहीं है।

20 अगस्त से प्रदेश के सभी 513 मंडलों में सड़क पर उतरेगी भाजपा
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा राज्य की बर्बादी नही देख सकती। राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था,किसानों की समस्या,युवाओं के हक और अधिकार, महिलाओं के सम्मान के लिये भाजपा कार्यकर्ता आगामी 20 अगस्त से सड़क पर उतरकर राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार आंदोलन करेंगे।
कहा कि इस भ्रष्ट,निकम्मी और विकास विरोधी सरकार को जबतक उखाड़ नही फेकेंगे तबतक हम चुप नही बैठेंगे। चाहे सरकार पार्टी कार्यकर्ताओं पर जितना एफआईआर दर्ज कर ले,हम डरने वाले नही हैं।