logo

बिहार के सभी जिला मुख्यालय फोरलेन सड़क से जुड़ेंगे, CM सम्राट चौधरी ने किया ऐलान 

वन1.jpg

द फॉलोअप,बिहार
बिहार में सभी जिला मुख्यालय को जोड़ने के लिए फोरलेन सड़क का निर्माण किया जाएगा। मंगलवार को पथ निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक की गई थी। बैठक में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सभी जिलों के आला-अधिकारियों को एक्सप्रेस-वे, राष्ट्रीय राजमार्ग और स्टेट हाईवे परियोजनाओं को तेज गति देने और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का निर्देश दे दिए हैं। बैठक में सीएम ने राज्य के पर्यटन स्थलों, सांस्कृतिक विरासत क्षेत्रों, औद्योगिक कॉरिडोर, विशेष कृषि उत्पादन क्षेत्रों और प्रमुख बाजारों को भी फोरलेन से जोड़ने का निर्देश दे दिया है।

सभी अधिकारियों को निर्देश
सरकार के इस फैसले से राज्य की आर्थिक प्रगति को गति मिलेगी। साथ ही प्रदेश में रोजगार के नए अवसर खुलेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6 लेन पुल परियोजना का कार्य जुलाई के पहले सप्ताह तक पूरा करने का भी निर्देश दिया। पुलों की गुणवत्ता और मजबूती की नियमित जांच कराने पर भी जोर दिया गया। इसके अलावा विक्रमशिला पुल के स्थायी पुनर्स्थापन कार्य को विशेषज्ञों की रिपोर्ट के आधार पर कराने का निर्देश दिया गया।

‘हर घर नल जल योजना’ का जिक्र
इस दौरान मुख्यमंत्री ने ‘हर घर नल जल योजना’ का भी जिक्र किया और इस योजना के तहत पेयजल आपूर्ति की समय-सीमा सुबह और शाम एक-एक घंटा बढ़ाने का निर्देश दिया, ताकि लोगों को शुद्ध पेयजल की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। सीएम ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक दो से तीन महीनों पर पंचायत स्तर पर पेयजल की गुणवत्ता की जांच कराई जाए। साथ ही वार्ड स्तर पर इसकी निगरानी और निरीक्षण भी लगातार किया जाए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पेयजल आपूर्ति से संबंधित शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए AI तकनीक के उपयोग पर भी जोर दिया। इसके अलावा 30 जून तक आवश्यकता के अनुरुप चापाकल लगाने के भी निर्देश दिए हैं। बैठक में पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से विभाग की वर्तमान परियोजनाओं और भावी योजनाओं की जानकारी दी और राज्य में निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग और स्टेट हाईवे की प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत की। समीक्षा बैठक में राज्य के डीप्टी सीएम विजेंद्र प्रसाद यादव, पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेंद्र, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Tags - Bihar four lane road project Bihar district headquarters fourlane connectivity CM Samrat Choudhary road announcement