logo

धान के भूसे में छिपाकर झारखंड से बिहार ले जाई जा रही थी शराब, पुलिस ने धर-दबोचा

14773news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची: 

जहरीली शराब कांड के मद्देनजर बिहार पुलिस एक्शन मोड में है। इसकी बानगी मंगलवार को दिखी। मंगलवार को झारखंड और बिहार की सीमा पर भारी मात्रा में शराब बरामद की गई। शराब को झारखंड से भूसे के ढेर में छिपाकर बिहार ले जाया जा रहा था। मिली जानकारी के मुताबिक बांका जिला के पास पुलिस द्वारा ये कार्रवाई की गई। 

शराबबंदी कानून लागू करने की जिम्मेदारी
गौरतलब है कि सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा था कि बेतिया, गोपालगंज और समस्तीपुर की घटना बताती है कि जिन लोगों पर शराबबंदी कानून को लागू करवाने की जिम्मेदारी थी उन्होंने ठीक से अपना काम नहीं किया। उन्होंने कहा था कि जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी। चाहे वो शराब तस्कर हो या जिम्मेदार पदाधिकारी। सीएम ने कहा था कि किसी के साथ भी नरमी नहीं बरती जायेगी। 

पटना से आई विशेष पुलिस टीम ने की कार्रवाई
मिली जानकारी के मुताबिक ताजा कार्रवाई में पटना से बांका आई पुलिस की विशेष टीम ने धान के भूसे में बड़े पैमाने पर हो रही शराब तस्करी के मामले का भंडाफोड़ किया है। पटना से आई वेशेष पुलिस टीम ने रजौन पुलिस के सहयोग से हरियाणा नंबर की ट्रक से शराब की बोतलों की बड़ी खेप पकड़ी। रजौन थानाक्षेत्र अंतर्गत धौनी होटल के सामने शराब लदे ट्रक के पकड़ा गया। ट्रक चालक को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। 

लाखों रुपये की शराब जब्त की गई है
बताया जा रहा है कि ट्रक से 496 कार्टून शराब जब्त की गई जिसकी अनुमानित कीमत तकरीबिन 50 लाख रुपये है। गौरतलब है कि पिछले हफ्ते भी बौंसी थानाक्षेत्र में तीन ट्रकों से भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त की गई थी। तब 121 कार्टून शराब जब्त की गई थी। इसकी कीमत तकरीबन 1 करोड़ रुपये थी। पुसिस फिलहाल सरगना की तलाश में जुटी है।