द फॉलोअप टीम, पटना:
महापर्व छठ पूजा से पहले बिहार के लोगों को बड़ा तोहफा मिला है। बिहार में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में राहत मिली है। मिली जानकारी के मुताबिक प्रदेश में पेट्रोल 8 रुपये 20 पैसे और डीजल 13 रुपये 90 पैसे सस्ता मिलने वाला है। बिहार सरकार ने डीजल में 3 रुपया 90 पैसा और पेट्रोल में 3 रुपया 20 पैसा की कमी करने का फैसला किया है।
केंद्र सरकार ने कम की थी एक्साइज ड्यूटी
गौरतलब है कि केंद्र सरकार द्वारा पहले ही पेट्रोल पर 5 रुपया और डीजल पर 10 रुपया एक्साइज ड्यूटी की कमी की जा चुकी है। आपको बता दें कि पेट्रोल औऱ डीजल की कीमतों में राहत देने का ऐलान खुद नीतीश कुमार ने किया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से ट्वीट के जरिये इस बात की जानकारी दी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि केंद्र सरकार ने दीवाली वाले दिन पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी कम करने का फैसला किया था, इसलिए अब बिहार सरकार ने भी वैट की दरों में कमी करते हुए जनता को राहत दी है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ट्वीट किया
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस निर्णय के बाद बिहार में टैक्स घट गया है जिसका सीधा फायदा लोगों को होगा। मामले में वाणिज्यकर विभाग के मुताबिक पेट्रोल पर वैट गुरुवार तक 26 फीसदी औऱ डीजल पर 19 फीसदी लागू था। विभाग की तरफ से संसोधन प्रस्ताव मंत्रिमंडल में मंजूरी के लिए भेजा गया था। हालांकि राज्य में घटी हुई दरें लागू हो गयी हैं। राजधानी पटना में डीजल 3 नवंबर तक 105 रुपये 7 पैसे का मिल रहा था, केंद्र द्वारा एक्साइज ड्यूटी कम होने के बाद कीमत 11 रुपये 97 पैसे तक कम हो गई थी। अब राज्य सरकार की तरफ से 2 रुपये 1 पैसे की अतिरिक्त राहत मिली है। महापर्व छठ से पहले बिहार के लिए ये बड़ी राहत की बात है।
बीते 18 महीनों में बेतहाशा बढ़ती गई है महंगाई
गौरतलब है कि भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बीते 18 महीने के दरम्यान लगातार इजाफा हुआ है। बीते कई सालों के मुकाबले केवल इस साल ही पेट्रोल 24 रुपया तक महंगा हुआ। पेट्रोल और डीजल मंहगा होने से परिवहन भी महंगा हुआ जिसकी वजह से अन्य घरेलु जरूरत की चीजें भी महंगी हो गई। खाद्य तेल की कीमत आसमान छू रही है। रसोई गैस महंगा होता चला जा रहा है। बीते दिनों कर्मशियल गैस की कीमत 264 रुपये तक बढ़ी।