logo

पुलिस पर लगा जिंदा व्यक्ति को दफनाने का आरोप, खुदाई हुई तो मिली सड़ी हुई लाश

8766news.jpg
द फॉलोअप टीम, भागलपुर:

बाईपास टीओपी क्षेत्र के रिक्शाडीह गांव में एक व्यक्ति को जिंदा दफनाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पुलिस ने जिंदा व्यक्ति को दफना दिया। सुनील कुमार नामक प्रत्यक्षदर्शी के निशानदेही पर घेरमा नहर में जेसीबी से खुदाई की गई जहां से एक शव बरामद हुआ। 

प्रत्यक्षदर्शी ने किया था जिंदा होने का दावा
पुलिस इस बात से इनकार कर रही है कि व्यक्ति जिंदा था। सुनील कुमार ने बताया है कि मंगलवार दोपहर 2 बजे फ्लाईओवर के पास एक व्यक्ति बेसुध हालत में पड़ा था। पुलिस ने उसे रात 11 बजे जेसीबी से उठाकर घेरमा नहर में दफना दिया। सुनील के अनुसार बेसुध व्यक्ति दफनाने के समय जिंदा था इसलिए उसने मीडिया और थाने में जानकारी दी। थानाध्यक्ष ने ऐसी कोई भी बात से इनकार कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शी ने खुद शुरू कर दी थी खुदाई
जब किसी ने सुनील कुमार की बात नहीं सुनी सुनील ने खुद घटनास्थल की खुदाई करना शुरू कर दी। जब वह खुदाई नही कर पाया तो डीएम से मदद मांगी। जिसके बाद जिलाधिकारी ने जगदीशपुर प्रखंड कल्याण पदाधिकारी को मामले की जांच के लिए मजिस्ट्रेट नियुक्त किया।

खुदाई के बाद उक्त स्थान से मिला कंकाल
मजिस्ट्रेट, सिटी एएसपी पूरण कुमार झा और ट्रेनी डीएसपी बिपिन बिहारी की मौजूदगी में जेसीबी से खुदाई की गई तो शव बरामद हुआ। हालांकि पुलिस पर लगे आरोप को सिरे से खारिज कर दिया गया है। सुनील ने बताया है कि इस मामले में मुखिया अजय राय और थाना अध्यक्ष से उसे धमकी मिल रहा है। साथ ही झूठा केस में फंसाने का भी डर दिखाया जा रहा है।