logo

बलिया हत्याकांड: आरोपी का पक्ष लेने पर सुरेंद्र सिंह से हाईकमान नाराज, शोकॉज होगा !

1829news.jpg
द फॉलोअप टीम, लखनऊ
बलिया गोलीकांड में आरोपी धीरेंद्र सिंह का खुलकर पक्ष लेनेवाले विधायक सुरेंद्र सिंह अब बीजेपी हाई कमान के रडार पर हैं। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सुरेंद्र सिंह के रवैये पर नाराजगी जताई है। नड्डा ने प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह से बात करके विधायक सुरेंद्र सिंह तक स्पष्ट शब्दों में संदेश पहुंचाने और बलिया मामले की जांच से दूर रहने को कहा है।

जांच में दखलंदाजी से दूर रहने का आदेश
वहीं बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बलिया कांड को लेकर यूपी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह से फोन पर बातचीत कर जांच में किसी भी तरह की दखलंदाजी न होने देने का आदेश दिया। कहा जा रहा है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने स्वतंत्र देव सिंह को आदेश दिया है कि विधायक सुरेंद्र सिंह को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया जाए।

भाजपा की खूब हुई किरकिरी
बता दें कि इस मामले में बीजेपी की खूब किरकिरी हुई है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी समेत विपक्ष ने इस मसले पर सरकार पर निशाना भी साधा। बता दें कि आरोपी पक्ष की बातें सुनकर बीजेपी विधायक के आंसू भी छलके थे। उन्होंने आमरण अनशन की चेतावनी भी दी थी। आरोपी का समर्थन करने पर विपक्ष ने योगी सरकार को कटघरे में खड़ा किया है। 

प्रियंका गांधी ने पीएम को ट्वीट किया 
रविवार को ही प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और जेपी नड्डा से सवाल किया था कि क्या वह अपराधी का साथ देनेवाले बीजेपी विधायक के साथ खड़े हैं? प्रियंका ने पूछा था कि अगर ऐसा नहीं है तो सुरेंद्र सिंह अभी तक पार्टी में क्यों बने हुए हैं। उन्होंने प्रदेश की योगी सरकार से भी उनके स्टैंड के बारे में सवाल किया था। उन्होंने कहा था कि बीजेपी सरकार बताए कि बलिया हत्याकांड में वह किसके साथ खड़ी है?

धीरेंद्र 14 दिन की न्यायिक हिरासत में 
इधर, दुर्जनपुर हत्याकांड के मुख्य आरोपी धीरेंद्र सिंह को बलिया की सीजेएम कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। लखनऊ में गिरफ़्तारी के बाद रविवार देर शाम को धीरेंद्र सिंह को बलिया लाया गया था, जहां से सोमवार की सुबह उसका मेडिकल करवाने के बाद कोर्ट में पेश किया गया। 15 अक्टूबर को कोटे की दुकान को लेकर खुली पंचायत में दो पक्षों में मारपीट के बाद फायरिंग हुई थी। इस दौरान एक पक्ष के जयप्रकाश पाल की गोली लगने से मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने अब तक 5 नामजद समेत 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।