logo

हेमंत सरकार गिराने की साजिश में गिरफ्तार दो आरोपियों के परिजनों का दावा एक सब्जी विक्रेता, दूसरा दिहाड़ी मजदूर!

11156news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची:
रात रांची के एक होटल से तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। सुबह खबर बहुत तेजी वायरल हुई। लगातार संबंधित खबरें आने लगीं। पहली सूचना यही आई कि तीनों हवाला कारोबारी हैं। उनके पास से भारी मात्रा में नगद रकम भी मिली है। हेमंत सरकार को गिराने की साजिश थी। सत्ताधारी विधायकों को खरीदना था। मामले में 22 जुलाई को कोतवाली थाना में बेरमो से कांग्रेस विधायक जयमंगल सिंह उर्फ अनूप सिंह की शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज किया और तीनों को गिरफ्तार किया। सीधे-सीधे भाजपा पर शक की सुई गई। जिसे सत्ताधारियों के बयान ने भी पुष्ट  किया। 


 

दो आरोपी बोकारो के रहने वाले
इधर, गिरफ्तार तीन लोगों में से दो के परिजनों ने कुछ और ही दावा किया है। निवारण प्रसाद महतो और अमित सिंह के परिजनों का मीडिया में बयान आया है कि निवारण प्रसाद महतो बोकारो में सब्जी और फल की रेहड़ी लगाते हैं जबकि अमित सिंह दिहाड़ी मजदूर हैं। दोनों बोकारो के रहनेवाले हैं। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने इन्हें दो दिन पहले बोकारो में उनके घरों से हिरासत में लिया था। पुलिस ने बताया था कि एक मामले में पूछताछ कर एक-डेढ़ घंटे में छोड़ दिया जाएगा। दोनों लोग निर्दोष हैं।

 

अनूप सिंह ने भाजपा विधायक के भी पकड़े जाने की बात कही
बता दें कि आज ही कुछ देर पहले मीडिया को बेरमो से कांग्रेस विधायक जयमंगल सिंह उर्फ अनूप सिंह ने बताया था कि सरकार गिराने की साजिश के आरोप में पकड़े गए तीन लोगों में एक भाजपा विधायक भी हैं। वो विधायक महाराष्ट्र के बताए जा रहे हैं। वहीं कहा था कि दूसरे भाजपा नेताभी राजधानी में छुपे हुए हैं।


 

झामुमो महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने बताया, भाजपा की साजिश
इधर, झामुमो के महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने पत्रकारों से बताया है कि स्थिर सरकार को अस्थिर करने की भाजपा की साजिश कभी कामयाब नहीं हो सकती। न झारखंड की जनता बिकाउ है, न ही झामुमो, कांग्रेस और राजद समेत अन्य। सहयोगी दलों के विधायक ही बिकाउ हैं। सरकार टिकाउ है। पांच साल तक चलेगी। विपक्ष का सपना मुंगेरीलाल का ही रहेगा।

पुलिस की पूछताछ जारी
जिन तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उनके नाम अभिषेक दुबे, अमित सिंह और निवारण प्रसाद महतो हैं। इनमें से दो के बारे में बताया जा रहा है कि वो सरकारी कर्मचारी हैं। इनके खिलाफ धारा 419, 420, 124-ए, 120 बी और 34 सहित पीआर एक्ट की धारा 171 के साथ पीसी एक्ट की धारा 8/9 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस तीनों पूछताछ कर रही है