logo

पान मसाला सप्लाई करने वाले बड़े व्यापारियों पर होगी कार्रवाई, डीसी का आदेश 

11775news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची:

जब से कोरोना काल शुरू हुआ है तब से राज्य में पान मसाला के बेचने पर बैन लगाया है। यानी पिछले डेढ़ सालों से राज्य में पान मसाला, गुटखा जैसी चीजों की बिक्री पर रोक लगायी गयी है। बावजूद इसके कुछ लोग इसे चोरी छिपे बेच रहे हैं। इस पर रांची डीसी छवि रंजन ने एक्शन लिया है और आदेश जारी किया है कि अब प्रतिबंधित पान मसाला की सप्लाई करने वाले बड़े व्यापारियों पर कार्रवाई की जायेगी। साथ ही तंबाकू नियंत्रण अधिनियम (कोटपा-2003) की विभिन्न धाराओं का पालन कराया जायेगा। उक्त बातें डीसी छवि रंजन ने तंबाकू नियंत्रण हेतु गठित त्रिस्तरीय धावा दल को संबोधित करते हुए कहा। 

स्कूलों के आसपास होगा सर्वे 

डीसी ने छापामार दस्ते को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्र के आस पास की सभी स्कूलों का सर्वे करायें। स्कूल के सौ गज के दायरे के अंदर प्रतिबंधित पान मसाला और तंबाकू पदार्थों की बिक्री अगर कोई कर रहा है तो उसपर कार्रवाई करें। कल हुए इस बैठक में जिला के सभी बीडीओ, बीपीएम, जिला तंबाकू नियंत्रण सेल के कंसल्टेंट, टाटा ट्रस्ट एवं सीड्स के प्रतिनिधि मौजूद थे। पान मसाला और तंबाकू पदार्थों की बिक्री के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया जायेगा। 

जांच अभियान चलेगा 

डीसी ने शहर को अलग-अलग जोन में बांट कर जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया।  यह अभियान सप्ताह में कम से कम एक बार जरूर चलाया जायेगा। डीसी ने कहा कि इस व्यापार को रोकने के लिए तंबाकू पदार्थों के बड़े व्यापारियों पर कार्रवाई की जाएगी।  इंटर स्टेट बॉर्डर पर भी अभियान चलाया जायेगा।