logo

Punjab Election 2022 : पंजाब चुनाव में 'आप' की तरफ से सीएम का चेहरा कौन होगा, केजरीवाल कल करेंगे बड़ा खुलासा

c42bcbe6-f6ef-4398-b5fd-bcee00892bd0.jpg

द फॉलोअप टीम, चंडीगढ़: 

यदि आम आदमी पार्टी पंजाब विधानसभा का चुनाव जीती तो सीएम कौन होगा। ये सवाल बीते काफी समय से चर्चा में है। काफी संभव है कि मंगलवार को दोपहर 12 बजे तक इसका खुलासा हो जायेगा। गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब के सीएम चेहरे की घोषणा कल दोपहर 12 बजे की जायेगी। 

भगवंत मान हो सकते हैं पहली पसंद
अब तक मिल रही जानकारी के मुताबिक भगवंत मान पंजाब में मुख्यमंत्री पद का चेहरा हो सकते हैं, हालांकि अभी ये केवल अटकलें भर हैं। कुछ दिन पहले जब मुख्यमंत्री केजरीवाल से यही सवाल पूछा गया था तो उन्होंने कहा था कि जनता ही अपने प्रदेश का मुख्यमंत्री तय करेगी। इसके लिए आम आदमी पार्टी ने बकायदा पोल का भी आयोजन किया। ऑनलाइन पोल के जरिये लोगों से पूछा गया कि आम आदमी पार्टी की तरफ से वे किसे मुख्यमंत्री का उम्मीदवार चुनना चाहते हैं। 

आम आदमी पार्टी को कहां से आया भरोसा
चंडीगढ़ नगर निकाय चुनाव में बड़ी संख्या में सीटें जीतकर उत्साहित आम आदमी पार्टी ने पंजाब में पूरी ताकत झोंकी है। आम आदमी पार्टी को पूरा भरोसा है कि वे पंजाब में सरकार बनाने में कामयाब होंगे। दरअसल, आप ने चंडीगढ़ नगर निकाय की कुल 14 सीटों पर कब्जा जमाया था। पार्टी को भरोसा था कि मेयर भी उनकी पार्टी का ही होगा लेकिन बीजेपी ने बाजी मार ली। 

पंजाब में क्यों कमजोर है भारतीय जनता पार्टी
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पंजाब में सरकार बनाने का भरोसा आम आदमी पार्टी को 2 वजहों से मिला है। पहली वजह है कांग्रेस की अंदरूनी कलह। यहां काफी सियासी घमासान के बाद पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस पार्टी के दिग्गज नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह ने इस्तीफा दे दिया। अब उन्होंने पंजाब लोक कांग्रेस के नाम से अपनी पार्टी बना ली है। कैप्टन अमरिंदर सिंह का अपना जनाधार था। जाहिर है कांग्रेस को इसका नुकसान होगा। बीजेपी यहां कभी बहुत ताकतवर नहीं रही। ऊपर से किसान आंदोलन को लेकर नकारात्मक माहौल बना है। आप को भरोसा है कि वो विकल्प बनेगी।