द फॉलोअप टीम, सरायकेला:
सरायकेला के ग्रामीण इलाकों में वैक्सीनेशन अभियान को बढ़ावा देने के लिए एक मुहिम शुरू की गई है। लोगों से अपील की जा रही है की उसी दुकान से सामान की खऱीद करें जिस दुकानदार ने वैक्सीन ले ली है। इसके लिए दुकानदारो को अपने दुकान के बाहर वैक्सीन सर्टिफिकेट लगाना है।
लोगों को वैक्सीन के प्रति किया जागरूक
सुदूरवर्ती ईचागढ़ और तिरूल्डीह प्रखंड क्षेत्र में जिला परिषद उपाध्यक्ष अशोक साव और बीडीओ गिरजा शंकर महतो ने गांव में घूम-घूमकर लोगों को वैक्सीन के प्रति जागरूक किया. इस दौरान सभी दुकानदारों से अपील की गई कि वह जल्द से जल्द कोरोना वैक्सीन का पहला और दूसरा डोज लें और लोगों को भी वैक्सीन लेने के लिए प्रति प्रेरित करें।
दुकानों के बाहर लगाने होंगे वैक्सीन सर्टिफिकेट की कॉपी
इस नई मुहिम के तहत वैक्सीन ले चुके दुकानदारों को कहा गया है कि वो अपने वैक्सीन की सर्टिफिकेट की कॉपी दुकानों के बाहर चिपकाएं ताकि लोगों को पता चल सके कि दुकानदार ने वैक्सीन लिया है। इसके अलावा दुकानदारों से अपील की गई है कि वो ग्राहकों को भी वैक्सीन संबंधित जानकारियां प्रदान कर जागरूक करें।