logo

मधुपुर: जंगली हाथी ने कुचलकर शख्स की ली जान, इलाके में दहशत

10054news.jpg
द फॉलोअप टीम, मधुपुर: 

जामताड़ा और मधुपुर में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा। मधुपुर के पथरौल गांव में जंगली हाथी ने एक शख्स को कुचल कर मार डाला। मृतक की पहचान करमाटांड थानाक्षेत्र अंतर्गत मदनकट्टा कालाझरिया निवासी शंकर सिंह के रूप में की गई है। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। मिली जानकारी के मुताबिक हाथियों ने तीन घरों में तोड़-फोड़ भी की। 

झुंड से बिछड़कर उत्पात मचा रहा है हाथी
मिली जानकारी के मुताबिक जंगली हाथियों का एक झुंड भटककर लगातार इलाके में घूम रहा है। झुंड में तीन हाथी हैं। कहा जा रहा है कि तीन हाथियों में से एक देवघर जिला की तरफ चला गया है वहीं एक जामताड़ा जिले में विचरण कर रहा है। वो कभी खेतों में घुसकर फसल चट कर जाता है तो कभी किसी का घर क्षतिग्रस्त कर देता है। कुछ दिन पहले ही हाथी ने एक दंपत्ति को कुचलकर मार डाला था। इलाके के लोगों की मांग है कि वन विभाग जल्दी ही हाथियों को जंगल तक पहुंचाये। 

मृतक शंकर सिंह के आश्रितों को मुआवजा
पूरे मामले को लेकर अंचलाधिकारी गुलजार अंजुम ने बताया कि इलाके में लोगों को आगाह किया गया है कि वे सतर्क रहें। वन विभाग को पदाधिकारियों को भी सूचित किया गया है।  अंचलाधिकारी ने कहा कि हाथी के हमले में मारे गए दिवंगत शंकर सिंह के आश्रितों को मुआवजा दिया जायेगा।