द फॉलोअप टीम, गुमलाः
गुमला जिला के बसिया प्रखंड के होंजोर गांव में दिल दहला देने वाली घटना हुई। गांव में छोटे भाई ने बड़े भाई की हत्या कर दी। हत्या की वजह काफी अजीब है। हत्यारोपी छोटे भाई ने बताया कि मुझे दौरा पड़ा और मैंने अपने भाई को मार दिया। उसने वारदात का बयान हंसते हुए किया। हत्या की इस हैरान कर देने वाली वारदात के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस के लिए भी अजीब स्थिति बन गयी है।
सोये हुए बड़े भाई को हथौड़े से मार डाला
होंजोर गांव के निवासी 58 वर्षीय फाबियानुस केरकेट्टा अपने छोटे भाई 40 वर्षीय अशोक केरकेट्टा के साथ एक ही कमरे में सोया था। रात लगभग 1 बजे अशोक ने कमरे में रखे हथौड़े से फाबियानुस के सिर पर वार कर दिया जिससें वो बुरी तरह घायल हो गया। चिल्लाने की आवाज सुनकर जब पास वाले कमरे से फबियानुस की पत्नी जोहानी केरकेट्टा और आस पड़ोस के लोग पहुंचे तो अशोक घर से भाग गया।
फबियानुस को गंभीर अवस्था में इलाज के लिए रेफरल अस्पताल बसिया लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही बसिया पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया। पुलिस ने त्वरित कारवाई करते हुए आरोपी अशोक को भी गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में इस्तेमाल किया गया हथौड़ा बरामद कर लिया गया है।
आरोपी ने हंसते हुए दी घटना की जानकारी
पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान हत्यारोपी अशोक केरकेट्टा के चेहरे पर थोड़ी-सी भी शिकन नहीं दिखी। आरोपी से घटना के संबंध में पूछने पर हंस-हंसकर बताया कि दोनों भाई साथ में सोए थे, तभी अचानक मैं रात में उठा और हथौड़े से मार दिया। आरोपी ने ये भी कहा कि मेरा बड़ा भाई मुझसे बहुत प्यार करता था।
आरोपी ने बताया कि हम दोनों में कभी झगड़ा भी नहीं हुआ था। मुझे रात में अचानक दौरा पड़ा और मैंने अपने भाई को मार दिया। उसने हत्या क्यों कि इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं दी. इधर बसिया पुलिस मामले की तहकीकात में जुट गई है।