logo

पारिवारिक विवाद में युवक ने की आत्महत्या! कमरे में फांसी से झूलता मिला शव

6090news.jpg
द फॉलोअप टीम, जमशेदपुर: 
एक युवक ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। रविवार की सुबह जब काफी देर हो जाने के बाद भी युवक कमरे से नहीं निकला तो परिजनों ने दरवाजा तोड़ा। कमरे में गमछे से बने फंदे के सहारे युवक की लाश लटकती मिली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। आरंभिक जांच में युवक के डिप्रेशन में होने की बात सामने आई है। 

बागुनहातु कालिंदी बस्ती का है पूरा मामला
ये पूरा मामला जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना इलाका स्थित बागुनहातु कालिंदी बस्ती का है। मृत युवक की पहचान रोहन के रूप में की गयी। रोहन एक निजी कंपनी में काम करता था। परिजनों के मुताबिक शनिवार की देर रात रोहन काम से वापस आया। उसने खाना खाया और अपने कमरे में सोने चला गया। सुबह जब काफी देर तक वो बाहर नहीं आया तो परिजनों ने उसे आवाज लगाई और जगाने का प्रयास किया।
काफी देर आवाज लगाने के बाद भी रोहन ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी तो परिजनों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। परिजनों ने जब दरवाजा तोड़ा तो रोहन की लाश फंदे से झूलती हुई मिली। 

पारिवारिक विवाद में रोहन ने की आत्महत्या! 
मामले में मृतक के ममेरे भाई ने पुलिस को बताया कि रोहन के पिता की मृत्यु कुछ साल पहले हो गयी थी। करीब तीन साल पहले रोहन की शादी हुई थी। ममेरे भाई ने बताया कि परिवार में अक्सर विवाद होता रहता था। रोहन का अपनी पत्नी से भी विवाद होता रहता था। लगातार झगड़ों की वजह से रोहन परेशान था और बीते कुछ समय से तनाव में रहने लगा था। आशंका है कि तनाव में आकर ही रोहन ने ऐसा कदम उठा लिया। रोहन का एक ढाई साल का बच्चा भी है। 

ये भी पढ़ें....

परिजनों पर टूट पड़ा है दुखों का पहाड़! 
जानकारी के मुताबिक घटना के वक्त रोहन की पत्नी उसके साथ नहीं थी। वो अपने मायके गयी हुई है। उन्हें घटना की सूचना दी गयी है। पुलिस ने रोहन के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामले की पड़ताल की जा रही है। रोहन घर में अकेला कमाने वाला सदस्य था। उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। रोहन की दादी, मां और उसकी बहन का रो-रोकर बुरा हाल है।