द फॉलोअप टीम, रांची:
मर्चेंट नेवी में नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से करोड़ों की ठगी करने वाले शख्स को रांची के हटिया से गिरफ्त्तार कर लिया गया है। आरोपी का नाम सागर शर्मा बताया जा रहा है। सागर शर्मा पर आरोप है कि उसने झारखंड के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले युवाओं से दो करोड़ रुपये की ठगी की है। जग्गनाथपुर थाना प्रभारी अभय कुमार सिंह ने मंगलवार की रात शिवम अपार्टमेंट से आरोपी को गिरफ्तार किया।
गुरुवार को उसे जेल भेजा गया। कई युवाओं ने जग्गनाथपुर थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में कहा गया था कि मर्चेंट नेवी में नौकरी दिलाने के नाम पर तीन दर्जन युवाओं से दो करोड़ की ठगी की ठगी हुई है। जांच के बाद आरोप सही पाया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर युवक को गिरफ्तार किया।
परिवार वाले लगते रहे थाने के चक्कर
जानकारी के मुताबिक सागर के परिजनों को उसकी गिरफ्तारी के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। परिजन तुपुदाना और धुर्वा थाने का चक्कर लगाते रहे। बाद में सागर के परिजनों को पता चला कि उसे जगन्नाथपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जब वे थाने पहुंचे तब उनको बताया गया कि उसने करोड़ों रुपए की ठगी की है इसलिए, उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। सागर लातेहार जिले का रहने वाला है। वो पत्नी और बच्चों के साथ रांची में रह रहा था। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
ट्रेनिंग ने नाम पर करता था ठगी
जानकारी के मुताबिक युवकों को सागर ने बताया कि पहले ट्रेनिंग होगी फिर नौकरी मिलेगी। फिर उसने ट्रेनिंग और अन्य मदों में सभी से पैसा ठगना शुरू किया। सागर ने किसी से तीन तो किसी से चार लाख रुपए लिए। ट्रेनिंग दिलाने के नाम पर कुछ युवकों को दिल्ली भी बुलाया। कुछ दिनों की ट्रेनिंग देकर फर्जी सर्टिफिकेट थमा दिया। जब बेरोजगार युवकों को कोई नौकरी नहीं मिली तो युवकों ने सागर शर्मा से संपर्क करना शुरू किए लेकिन, वो लगातार इन्हें टालता रहा। आरोपी के टाल मटोल को देख सभी युवक समझ गए कि वे ठगी के शिकार हुए है।