logo

कोरोना से लड़ने के लिए झारखण्ड भी है तैयार , आज से शुरू होगा पूरे देश में टीकाकरण अभियान

4109news.jpg
द फ़ॉलोअप टीम, रांची 
देश अब कोरोना को मात देने के लिए तैयार है। शनिवार को प्रधानमंत्री मोदी ने टीकाकरण अभियान की शुरुआत की। इस आग़ाज़ के साथ झारखंड में भी वैक्सीनशन की शुरुआत हो गयी है। राजधानी रांची के बाद जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो समेत सभी जिलों में टीकाकरण होगा। पहला टीका हर जिले में सफाईकर्मी को लगाया जाएगा। इसके बाद डॉक्टर टीका लगवाएंगे। पूर्वी सिंहभूम में पहले दिन एमजीएम और टीएमएच के 100-100 फ्रंटलाइन वर्कर्स को टीका लगाया जाएगा। बाद में टीकाकरण केंद्रों की संख्या बढ़ाई जाएगी। डीसी सूरज कुमार, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर नंद किशोर लाल, सीएस डॉ. आर एन झा ने एमजीएम और टीएमएच में बनाए गए टीकाकरण केंद्र की तैयारियों का जायजा लिया। 

पहले दिन रांची में 200 लोगों को टीका देने का लक्ष्य
रांची में पहले दिन सदर अस्पताल और नामकुम CHC में टीका लगाया जा रहा है। सिविल सर्जन विजय बिहारी प्रसाद ने बताया कि पहले दिन 200 हेल्थ वर्कर्स को टीका देने का लक्ष्य रखा गया है। तकनीकी खामी होने पर ही संख्या कम हो सकती है। सभी लाभार्थियों को मैसेज के माध्यम से इसकी जानकारी दी गई है। उन्होंने बताया कि पहले टीके के साथ ही दूसरे टीके भी जानकारी दी जाएगी।



सदर अस्पताल की सफाई कर्मी को लगेगा पहला टीका
रांची में पहला टीका सदर अस्पताल की सफाईकर्मी मरियम गुड़िया को लगेगा वहीं , बोकारो में भी सबसे पहले टीका सदर अस्पताल की सफाई कर्मी एन. देवी को लगेगा। बोकारो सदर अस्पताल स्थित एएनएम प्रशिक्षण केन्द्र तथा चंदनकियारी सीएचसी से जिले में टीकाकरण अभियान की शुरुआत होगी। इसके बाद डॉक्टरों समेत 200 स्वास्थ्यकर्मियों को वैक्सीन लगेगी। दोनों ही सेंटरों के लिए 100-100 स्वास्थ्यकर्मी चिह्नित किए गए हैं।



सफाईकर्मी के बाद सिविल सर्जन लगवाएंगे टीका
वहीं, पलामू जिले में भी कोरोना टीकाकरण को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। शनिवार को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चैनपुर से पलामू जिले में टीकाकरण अभियान की शुरुआत होगी। दोनों स्थानों पर कोवीशील्ड का पहला टीका सफाई कर्मचारी को लगेगा। इसके बाद डॉक्टर को यह टीका दिया जाएगा। इसके साथ ही चिन्हित 100-100 स्वास्थ्य कर्मियों को टीका पड़ेगा। मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल में सफाई कर्मचारी को कोवीशील्ड टीका लगाए जाने के बाद खुद सिविल सर्जन टीका लगवाएंगे।