logo

नीतीश सरकार पर हमलावर रहीं राबड़ी, सबको दागी कहने के बयान पर सदन में हंगामा, राबड़ी को अनपढ़ कहा गया

नीतीश सरकार पर हमलावर रहीं राबड़ी, सबको दागी कहने के बयान पर सदन में हंगामा, राबड़ी को अनपढ़ कहा गया
द फॉलोअप टीम, पटना
बिहार में विधान परिषद में पहले सत्र के आखिरी दिन पूर्व सीएम राबड़ी देवी शनिवार को नीतीश सरकार पर हमलावर रहीं। उन्होंने रोजगार के मसले पर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि 19 लाख नौकरी की बात राज्यपाल की भाषण में क्यों नहीं थी? 19 लाख लोगों को नौकरी दिए जाने की बात का जिक्र क्यों नहीं किया गया? उन्होंने सवाल उठाया कि आज लालू शासन को जंगलराज कहा जाता है, लेकिन मैं पूछती हूं कि आज किसपर आरोप नहीं है? कौन ऐसा व्यक्ति है जिस पर दाग नहीं लगा हुआ है? इसके बाद सदन में हंगामा शुरू हो गया। 

हंगामे के बीच राबड़ी को अनपढ़ कहा गया
राबड़ी देवी द्वारा सभी को दागी कहने पर परिषद में हंगामा होने लगा। हंगामे के बीच सदन में किसी ने राबड़ी देवी को अनपढ़ कह दिया। इस पर वह बेहद भावुक हो गईं। मंत्री व भाजपा नेता मंगल पांडेय ने राबड़ी के बयान का विरोध किया। अनपढ़ कहे जाने पर राबड़ी देवी ने कहा, पहले के दिनों में स्कूल नहीं था, इसलिये नहीं पढ़े। हमारे बाप-दादा ने नहीं पढ़ा या पढ़ाया तो हमारी क्या गलती है? लालू ने आवाज दी तो आज सबलोग पढ़ रहे हैं। 

ये भी पढ़ें.....

राबड़ी ने सत्तापक्ष को खरी-खोटी सुनाई
राबड़ी देवी ने कहा कि हमारे 15 सालों के शासन को चलने नहीं दिया गया। चारा घोटाला में साजिश के तहत उन्हें फंसाया गया। जब चारा घोटाला पहले से हो रहा था, फिर 1990 से जांच क्यों? आज आरजेडी विधानसभा में सबसे बड़ी पार्टी है। सरकार ने साजिश के तहत कई सीटें हराई गईं। अगर नीतीश कुमार के चेहरे पर चुनाव जीते तो जेडीयू को 42 सीट क्यों है? हालांकि हंगामे के दौरान कौन क्या कह रहा था, यह स्पष्ट सुनाई नहीं दे रहा था, लेकिन रोजगार के मामले में राबड़ी देवी ने सत्तापक्ष को खरी-खोटी सुनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। विधायक उनकी बातों का जवाब देने के बदले उन्हें अनपढ़ कहकर संबोधन करने से राबड़ी देवी कुछ क्षण के लिए बेहद भावुक हो गई थीं।