logo

हाथियों के झुंड से बिछड़ा हाथी का बच्चा कुएं में गिरा, वन अधिकारियों की मदद से निकाला गया

2466news.jpg
द फॉलोअप टीम,रामगढ़
रामगढ़ के गोला में शुक्रवार की सुबह करीब चार बजे हाथियों के झुंड से बिछड़कर एक हाथी का बच्चा सुदूरवर्ती रकुआ गांव के धान के खेत में स्थित कुएं में गिर गया। स्थानीय ग्रामीणों व गोला वन क्षेत्र के कर्मियों ने करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद किसी तरह से कुएं से बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

हाथियों ने किया ग्रामीण पर हमला
ग्रामीणों ने बताया कि गुरुवार की देर रात को रकुवा में आधा दर्जन हाथी में विचरण कर रहे थे। इसी क्रम में सुबह में एक बच्चा खेत के कुएं में गिर गया। शुक्रवार की सुबह शौच करने गए गांव के  रतन महतो पर हाथियों ने हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए गोला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। इधर कुएं में गिरे हाथी के बच्चे को देखने व बाहर निकलने के लिए यहां सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

ये भी पढ़ें.......

दहशतजदा हैं ग्रामीण 
हाथियों के झुंड से दहशतजदा ग्रामीणों ने इसकी सूचना गोला थाना पुलिस व वन विभाग के कईं अधिकारियों को दी। इसके बाद हाथी के बच्चे को कुएं के अंदर से सुरक्षित बाहर निकलने के बाद वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों की मदद से हाथी के बच्चे को समीप के जंगल में छोड़ दिया। हाथी के झुंड के यहां पहुंचने के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल कायम हो गया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों से सुरक्षा बहाल करने की मांग की है। फिलहार ग्रामीण गांव में डरे-सहमे नजर आ रहे हैं।