logo

दीपक प्रकाश ने ट्रैक्टर रैली का मखौल उड़ाया, कहा- कांग्रेस ने झारखंड के किसानों को ठगा

2315news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची:
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश ने झारखंड कांग्रेस की ट्रेक्टर रैली पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस किसानों के नाम पर केवल नैटंकी कर रही है। श्री प्रकाश ने कहा कि रैली में कोई किसान दूर-दूर तक नजर नहीं आये।

'कांग्रेस की गलत नीतियों से किसान बर्बाद हुए'
उन्होंने कहा कि देश में कांग्रेस पार्टी के लंबे शासन काल में लाखों किसानों का विस्थापन हुआ। लोग जमीन से बेदखल हुए, बेघर-बार हुए। कांग्रेस पार्टी को बताना चाहिये कि इस संबंध में पार्टी ने क्या किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नीतियों और कार्यक्रमों ने किसानों को गरीबी में जीने के लिये विवश किया। देश में अपनी कड़ी मेहनत से अनाज के गोदामों को भरनेवाला किसान लगातार कर्ज में डूबने और आत्महत्या करने के लिए मजबूर होता रहा।

'किसानों की आय 2022 तक दोगुनी हो जाएगी'
श्री प्रकाश ने कहा कि मोदी सरकार ने किसानों की आय 2022 तक दोगुनी करने का संकल्प व्यक्त किया है, जिस पर तेजी से योजनाओं का क्रियान्वयन हो रहा है। कृषि कानून बनाकर एक ऐतिहासिक पहल की गई है, जिसका देश भर के किसानों ने समर्थन किया है, परंतु कांग्रेस किसानों के बीच लगातार भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एमएसपी पर भी जनता को गुमराह कर रही है, जबकि इस व्यवस्था में कोई बदलाव नही किया गया है। कॉन्ट्रैक्ट फार्मिंग के माध्यम से किसानों को केवल फसलों के अनुबंध  का प्रावधान है। 

ये भी पढ़ें.......

किसानों के लिए कांग्रेस ने क्या किया?
उन्होंने कहा कि कांग्रेस बताए कि झारखंड में उन्होंने किसानों के लिये क्या किया। किसानों के 2 लाख के ऋण माफी की घोषणा कब लागू होगी। किसानों के लिये भाजपा सरकार द्वारा चलाई जा रही कृषि आशीर्वाद योजना को क्यों बंद किया गया? किसानों के धान के बकाये कब मिलेंगे? उन्होंने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि जिस प्रकार से पूरे प्रदेश में यूरिया खाद-बीज की कालाबाजारी हुई है, उससे किसानों में घोर निराशा है।