logo

बार-बार जमानत की अर्जी ठुकराए जाने से लालू को मलाल, मिलनेवालों को भी निराश किया, सेहत को लेकर डॉक्टर चिंतित

2208news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची 
झारखंड हाईकोर्ट से बार-बार जमानत ठुकराए जाने और याचिका पर सुनवाई की तिथि आगे बढ़ने के कारण लालू यादव काफी निराश हैं। उन्हें उम्मीद थी कि इस बार जरूर जमानत मिल जाएगी, पर ऐसा नहीं होने से शायद उन्हें काफी मलाल है। जेल मैनुअल के अनुसार शनिवार को तीन लोगों से मिलने की अनुमति के बावजूद आज उन्होंने किसी से भी मिलने से इनकार कर दिया।

केली बंगले में पसरा है सन्नाटा
चारा घोटाला मामले में सजायाफ्ता आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव रिम्स के केली बंगले में अपनी सजा काट रहे हैं। 6 नवंबर से पहले जहां केली बंगला जेल मैन्युअल के उल्लंघन करने को लेकर सुर्खियों में रहा है, वहीं अब शनिवार को केली बंगले में सन्नाटा पसरा हुआ है। यहां तक कि जेल आईजी से परमिशन लेकर आये लोगों से भी लालू यादव ने मुलाकात करने से इनकार कर दिया है। जिससे लालू के समर्थक और मिलनेवाले काफी निराश होकर लौट रहे हैं। 

'लालू को डायलिसिस पर जाना पड़ सकता है?'
लालू यादव के मुख्य चिकित्सक उमेश प्रसाद ने उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता जाहिर करते हुए कहा है कि उनकी किडनी का क्रिएटनीन लेबल बढ़ गया है, जो अभी स्टेज-4 पर है। जैसे ही ये लेबल-5 पर चला जाएगा, तो लालू यादव को किडनी के लिए डायलिसिस पर जाना पड़ सकता है। फिलहाल लालू यादव का किडनी 25 प्रतिशत ही काम कर रहा है।