द फॉलोअप टीम, बिहार:
बिहार के मोतिहारी में बड़ा हादसा हो गया। मिली जानकारी के मुताबिक बूढ़ी गंडक नदी में नाव पलट गई। इस घटना में 22 लोगों के डूब जाने की सूचना है। गौरतलब है कि लोग नाव के जरिए नदी पार करने की कोशिश कर रहे थे। बूढ़ी गंडक का जलस्तर ज्यादा है। नदी के बीच पहुंचकर नाव उसकी तेज धार में फंसकर पलट गई। समाचार लिखे जाने तक 6 लोगों का शव निकाला जा चुका है। बाकियों की तलाश की जा रही है। नदी घाट पर अफरा-तफरी का माहौल है। बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुटे हैं।

क्षमता से ज्यादा लोग नाव में सवार थे
मिली जानकारी के मुताबिक हादसा बिहार के मोतिहारी जिला के शिकारगंज थानाक्षेत्र अंतर्गत गोढ़िया गांव के पास की है। स्थानीय लोगों ने बताया कि लोग नाव के जरिए नदी पार कर रहे थे। उनका कहना है कि नाव में क्षमता से ज्यादा लोग सवार थे। इस समय बिहार की तकरीबन सभी नदियों का जलस्तर बढ़ा हुआ है। पानी का वेग भी तेज है। जैसे ही नाव बूढ़ी गंडक नदी के बीच में पहुंची, तेज धार में फंसकर अनियंत्रित हो गई। लोग मदद के लिए चिल्लाने लगे। तभी नाव डूब गई।
रेस्क्यू टीम को ऑपरेशन में लगाया गया
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी पहुंचे। कई आला-अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। रेस्क्यू टीम लोगों को निकालने में जुटी है। स्थानीय गोताखोरों को भी रेस्क्यू ऑपरेशन में लगाया गया है। कहा जा रहा है कि नाव में महज 12 लोगों के बैठने की जगह थी लेकिन उसमें क्षमता से ज्यादा 22 लोग सवार थे। ये भी नाव डूबने की वजह बनी।