logo

वोटरों ने कोरोना के खौफ को नकारा, जमकर डाले वोट, मतदान केंद्रों पर थे सभी इंतजाम

1958news.jpg
द फॉलोअप टीम, पटना 
बिहार विधानसभा चुनाव में वोटरों के लिए कोरोना असरहीन साबित हुआ। अधिकतर बूथों पर बगैर मास्क या सोशल डिस्टेंसिंग के लोगों ने जमकर वोट डाले। पहले चरण में 54.01 फीसदी मतदान हुआ है। इस चरण के मतदान का प्रतिशत 2015 के विधानसभा चुनाव के मतदान प्रतिशत के लगभग करीब है। इससे साफ है कि वोटरों ने कोरोना के कहर को नकार दिया और बेखौफ होकर मतदान केंद्र पहुंचे। कोरोना काल के इस संकट के दौर में चुनाव आयोग ने चुनाव कराने का फैसला लिया और लोकतंत्र के प्रति जागरुक बिहार के लोगों ने भी इसमें अपना बखूबी रोल अदा किया।  

शांतिपूर्ण ढंग से बीता पहले चरण का मतदान 
चुनाव आयोग के फैसले के बाद बिहार दुनिया का ऐसा पहला राज्य बना, जहां कोरोना महामारी के बीच में चुनाव का पहले चरण के मतदान को सकुशल संपन्न कराया गया। बूढ़े हो या कोरोना मरीज सभी के लिए चुनाव आयोग ने पुख्ता इंतजाम किया और इसी तरह उत्साह से भरपूर सभी लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। पहले चरण में पटना जिले के पांच विधानसभा क्षेत्रों समेत 16 जिलों के 71 विधानसभा सीटों पर मतदाताओं ने वोट डाले। प्रदेश के ज्यादातर जगहों पर शांतिपूर्ण ढंग से मतदान की प्रक्रिया पूरी की गयी। एक-दो जगहों पर सिर्फ इवीएम की शुरुआती गड़बड़ी और अन्य समस्याओं के कारण मतदान की प्रक्रिया शुरू होने में थोड़ी देरी हुई। 

हिरासत में लिए गए 159 लोग
एडीजी मुख्यालय ने बताया कि चुनाव के दौरान 159 लोगों को हिरासत में लिया गया है। वहीं आचार संहिता उल्लंघन के मामले में गया के प्रत्याशी डॉ. प्रेम कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इसके अलावा मतदान के दौरान 534 हथियार 190 कारतूस और तीन बम भी जब्त किए गए हैं। 

चुनाव आयुक्त ने प्रशासन का किया धन्यवाद 
मुख्य चुनाव आयुक्त ने राजनीतिक दलों के साथ साथ स्थानीय प्रशासन का भी धन्यवाद किया। बता दें कि कोरोना संकट में प्रशासन ने चुनाव को लेकर खास तैयारियां की गई थी। मतदान के पहले बूथों को सैनेटाइज किया गया। यही नहीं एंट्री और एग्जिट प्वाइंट पर साबुन, पानी, सैनेटाइजर की भी व्यवस्था की गई थी। इसके साथ ही वोटिंग से पहले थर्मल स्क्रीनिंग की जा रही थी।

इतनी सीटों पर हुआ मतदान 
बिहार के 16 जिलों के 71 विधानसभा सीटों पर मतदान किया गया। गया में सबसे अधिक 10 सीटों पर, भागलपुर में 2, बांका 5,  मुंगेर 3,  लखीसराय 2, शेखपुरा 2, पटना 5, भोजपुर 7, बक्सर 4, कैमूर 4, रोहतास 7, अरवल 2, जहानाबाद 3, औरंगाबाद 6, नवादा 5 और जमुई की 4 सीटों मतदान में शामिल हैं।