logo

बिहार से सटे झारखंड के सीमावर्ती जिलों में 48 घंटे के लिए शराब की दुकानें बंद रहेंगी

1932news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची
बिहार विधानसभा चुनाव के दौर में शराब के छलकते जाम पर रोक लगाने के लिए झारखंड सरकार ने बिहार से सटे झारखंड के सीमावर्ती जिलों में 48 घंटों के लिए शराब की दुकानें बंद कर दी हैं। इसमें झारखंड के कोडरमा, हजारीबाग, चतरा और पलामू शामिल है। बता दें कि 28 अक्टूबर शाम पांच बजे तक शराब की दुकानें बंद की गई हैं। यही नहीं बल्कि गढ़वा के कांडी में सोन नदी में नाव के परिचालन पर भी रोक लगा दी है। इस सख्त कार्रवाई के बाद लोग झारखंड से बिहार नहीं जा सकेंगे और शराब की तस्करी भी नहीं हो पाएगी।

28 अक्टूबर तक नाव परिचालन पर भी रोक 
गौरतलब है कि अक्सर झारखंड से बिहार जाकर लोग शराब की तस्करी करते पकड़े जाते हैं। हर बार की तरह इसे राजनीतिक मुद्दा भी बनाया जाता है। उपचुनाव में व्यस्तता के बावजूद झारखंड सरकार की  बिहार विधानसभा चुनाव पर नजरें टिकी हुई हैं। गढ़वा बिहार की सीमा से लगती है, लेकिन सोन नदी को पार करने के बाद ही बिहार की एंट्री हो पाती है। इसके लिए शराब तस्कर नाव का ही इस्तेमाल करते हैं। इसको देखते हुए झारखंड प्रशासन ने नाव के परिचालन पर भी 28 अक्टूबर तक रोक लगा दी है। 

10 नवंबर को भी शराब की दुकानें बंद रहेंगी   
बिहार में कल पहले चरण के लिए मतदान होने वाला है। इसको देखते हुए झारखंड के कोडरमा जिला प्रशासन अलर्ट पर है, और सोमवार के 4 बजे शाम से लेकर बुधवार के शाम 4 बजे तक ड्राई डे घोषित किया है। वहीं बिहार में 10 नवंबर को मतगणना होना है। इस क्रम में भी कोडरमा में शराब की दुकानें बंद रहेंगी। 

ये भी पढ़ें..

दुकानें खुलीं, तो रद्द होंगे लाइसेंस
दरअसल निष्पक्ष मतदान और मतगणना को लेकर मुख्य निर्वाची पदाधिकारी और बिहार के उत्पाद सचिव के निर्देश के बाद कोडरमा डीसी ने आदेश जारी कर दिया है। शराब की दुकानें खुली होने पर दुकान संचालक पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। दुकानों के लाइसेंस भी रद्द कर दिए जाएंगे। शराब दुकानों के बाहर नोटिस भी लगाने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन के इस निर्देश के बाद जिले के सभी 55 शराब दुकानें अब 28 अक्टूबर की शाम 5:00 बजे के बाद से खुलेंगीं।