logo

अब तबाही मचाने आ रहा है 'गुलाब'! जानिए, रांची में कितना होगा चक्रवाती तूफान का प्रभाव

13207news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची: 

रविवार की सुबह रांची में हल्का बादल छाया हुआ है लेकिन बीच-बीच में धूप भी खिल रही है। मौसम विभाग के अनुसार चक्रवात गुलाब का असर रविवार की शाम से देखने को मिलेगा। चक्रवात का क्लाउड बैंड राज्य के दक्षिणी और मध्य जिलों तक फैला हुआ है। राज्य के विभिन्न जिलों में मध्यम दर्जे की बारिश के साथ वज्रपात की आशंका है। बारिश के दौरान हवा भी चलने की संभावना है।

तटीय इलाकों में भारी बारिश होगी! 
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र गहरे अवपात में बदल गया है। चक्रवात 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है। इस समुद्री चक्रवात की रविवार को स्थल भाग से टकराने की उम्मीद है। गोपालपुर व विशाखापत्तनम के बीच कलिंगपतनम में लैंडफाल करने का अनुमान है। तटीय इलाकों में भारी बारिश का अनुमान है। 

ओडिशा में अलर्ट जारी
बंगाल की खाड़ी में बन रहे कम दबाव की वजह से चक्रवात तूफान 'गुलाब' को लेकर आंध्र प्रदेश और ओडिशा में अलर्ट जारी किया गया है। इस तूफान के उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तट से रविवार की शाम को 75 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गुजरने की संभावना है। इसकी अधिकतम गति 95 किलोमीटर तक होने का अनुमान जताया गया है। इसकी वजह से इलाके में भारी बारिश होने की संभावना है। इसके 27 सितंबर तक गहरा होने की संभावना है, जो अगले 24 घंटों में पश्चिम बंगाल की तरफ बढ़ सकता है। इसके कारण झारखंड राज्य में 30 सितंबर तक लगातार बारिश होगी। 

मानसून की स्थिति कमजोर
पिछले 24 घंटों मानसून की स्थिति कमजोर रही। सबसे ज्यादा बारिश पाकुड़ और लातेहार में केवल एक मिमी रिकार्ड की गई। अधिकतम तापमान गोड्डा में 37.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया वहीं न्यूनतम तापमान चाईबासा में 22.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। इस चक्रवाती तूफान का नाम पाकिस्तान ने ‘गुलाब’ रखा है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार देर शाम या रात्रि में चक्रवात गुलाब का असर पूरे झारखंड में देखा जा सकता है।