द फॉलोअप टीम, रांची:
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने हेमंत सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। दीपक प्रकाश ने कहा कि इस सरकार पर बिचौलिए हावी हैं। सरकार को अफसर या मंत्री नहीं चला रहे हैं। हर निर्णय पर बिचौलियों का प्रभाव है। उन्होंने कहा कि सत्ता में बैठे हुए लोगों के कॉरिडोर में चलने वाले कुछ ऐसे तत्व हैं, जो खनिज संपदा से लेकर, ट्रांसफर पोस्टिंग और जमीन की दलाली में लगे हुए हैं। दीपक प्रकाश ने कहा कि सत्ता में शामिल लोग राजधानी की जमीन पर चील की तरह दृष्टि लगाकर अवैध कब्जा करने में लगे हुए हैं। राजधानी बनने के बाद यहां की ज़मीन की दर में काफी बढ़ोतरी हुई है। जमीन का अभाव हुआ है, इसलिए इसकी कीमतों में बढ़ोतरी हुई। है।
कटहल मोड़ के पास को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसायटी की जमीन पर सत्ता पक्ष की नजर
उन्होंने कहा कि राँची के हेहल कटहल मोड़ खाता न-119 कैलाशपुरी को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी 1982 में बनी थी और इसमें जिन गरीबों के पास घर नहीं है, उनके लिये घर उपलब्ध कराया जा रहा था। 12 एकड़ जमीन पर घर बनाने में सभी बेघर लोग लगे हुए थे। 2020-21 तक जमीन की रसीद भी उसके नाम पर काटी गयी है। रजिस्टर-2 में भी उन सभी का नाम है। समिति के लोगो ने अपनी अपनी जमीन की बाउंड्री भी कराई। पर अब जनवरी के माह में सत्ता में बैठे लोग सत्ता के इशारे पर कोऑपरेटिव की ज़मीन का अवैध कब्जा करने का काम कर रहे है। इतना ही नही, उस जमीन के बगल में अन्य ज़मीन लगभग 120 एकड़ सत्ता में बैठे लोग कब्जा करने में लगे हुए हैं।
सत्तापक्ष की नजर 120 एकड़ जमीन पर
कहा कि जब वहां के लोगो ने सीओ के पास फरियाद किया, तो उनका जवाब था कि हम कुछ नही कर सकते, इसमे ऊपर के लोगो का हस्तक्षेप है। एसडीओ के पास गए वहां भी कोई जवाब नहीं मिला। डीसी साहब भी इस प्रकरण में बेचारे नज़र आ रहे हैं। इस पर कमिश्नर का भी आदेश है कि यह ज़मीन कोआपरेटिव की है। दुर्भाग्य से पूरी शासन व्यस्वस्था चाहे राजस्व विभाग के सचिव हो या अन्य अधिकारी, सभी उत्तर देने में असमर्थ साबित हुए हैं। क्योंकि सत्ता में बैठे लोगों का इन अधिकारियों पर पूरा दबाव है।ये सत्ता में बैठे लोगों की नज़र इसके अलावा 120 एकड़ ज़मीन पर भी है।