द फाॅलोअप टीम, नयी दिल्ली
देश की विनिर्माण गतिविधियों में अक्टूबर में लगातार तीसरे महीने सुधार हुआ है। सोमवार को जारी एक मासिक सर्वे के अनुसार बिक्री में सुधार के बीच कंपनियों के उत्पादन में 13 साल की सबसे तेज वृद्धि की गयी है। आईएचएस मार्किट इंडिया का विनिर्माण खरीद प्रबंधक सूचकांक (पीएमआई) अक्टूबर में बढ़कर 58.9 पर पहुंच गया, जो सितंबर में 56.8 था।
लगातार 32 माह में वृद्धि के बाद आयी थी गिरावट
लगातार 32 माह तक वृद्धि दर्ज करने के बाद अप्रैल में इस सूचकांक में गिरावट आई थी। पीएमआई के 50 से ऊपर होने का मतलब गतिविधियों के विस्तार से और 50 से नीचे होने का मतलब संकुचन से होता है। आईएचएस मार्किट के अधिकारी ने बताया है कि भारतीय विनिर्माताओं के पास नए ऑर्डर आ रहे हैं और उत्पादन में भी कोविड-19 की वजह से पैदा हुई अड़चनों के बाद सुधार हो रहे हैं। अक्टूबर के पीएमआई आंकड़ों में उल्लेखनीय विस्तार हुआ है।
जानिए क्या कह रहे हैं विनिर्माता कंपनियों के अधिकारी
विनिर्माताओं का कहना है कि कोविड-19 के अंकुशों में ढील, बेहतर बाजार परिस्थितियों तथा मांग में सुधार की वजह से उन्हें अक्टूबर में नए ऑर्डर मिले हैं। सर्वे में कहा गया है कि ऑर्डरों में सुधार के बावजूद भारत में विनिर्माताओं ने अपने कर्मचारियों की संख्या में कटौती की है। कई मामलों में सामाजिक दूरी दिशानिर्देशों के अनुपालन के लिए ऐसा किया जा रहा है। यह लगातार सातवां महीना है जबकि रोजगार घटा है।
क्या कह रहा है सर्वे
सर्वे के अनुसार, इस दौरान मुद्रास्फीतिक दबाव कुछ कम हुआ है। विनिर्माण के सामान के दामों में मामूली बढ़ोतरी हुई है, वहीं बिक्री मूल्य भी थोड़ा ही बढ़ा है।