logo

जो बाइडन आज लेंगे अमेरिका के 46वें राष्ट्रपति पद की शपथ, समारोह में नहीं होंगे ट्रंप

4258news.jpg
द फॉलोअप टीम, डेस्क 
बुधवार का दिन अमेरिका के लिए एक ऐतिहासिक होगा। जो बाइडेन अमेरिका के 46वें राष्ट्रपति पद की शपथ लेने वाले हैं। मुख्य न्यायधीश जॉन रॉबर्ट्स 12 बजे (अमेरिका के समय के अनुसार) कैपिटोल के वेस्ट फ्रंट में बाइडन को पद की शपथ दिलाएंगे। साथ ही आज कमला हैरिस भी उप राष्ट्रपति पद की शपथ लेंगी। भारतीय समय के अनुसार शपथ ग्रहण समारोह रात 10.30 बजे से होगा। शपथ ग्रहण का यह पारंपरिक स्थान है, जहां नेशनल गार्ड्स के 25 हजार से अधिक जवान सुरक्षा में तैनात रहेंगे।  बाइडन 127 वर्ष पुरानी बाइबिल के साथ शपथ लेंगे। बाइबिल उनकी पत्नी जिल बाइडन के हाथो में रहेगा। बताया जा रहा है कि इस ऐतिहासिक दिन में ट्रम्प शामिल नहीं होंगे। 



भारतीय मूल के विनय रेड्डी तैयार कर रहे हैं भाषण 
जो बाइडेन अमेरिका में अब तक के सबसे अधिक उम्र के राष्ट्रपति बनने जा रहे है। शपथ लेने के तुरंत बाद राष्ट्रपति के तौर पर देश के नाम अपना पहला संबोधन देंगे। इस ऐतिहासिक भाषण को भारतीय मूल के अमेरिकी नागरिक विनय रेड्डी तैयार कर रहे हैं। सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किया गया है, क्योंकि ट्रंप के समर्थकों ने संसद भवन परिसर में हमला करवाया था। इसलिए सुरक्षा की बढ़ती चिंताओं के बीच  बाइडन और हैरिस शपथ ग्रहण करेंगे।
शपथ ग्रहण समारोह का सीधा प्रसारण ABC, CBS, CNN, NBC, MSNBC, PBS समेत अमेरिका के सभी प्रमुख चैनलों पर होगा साथ ही अमेजन प्राइम पर भी लाइव प्रसारण देखा जा सकता है।  



जेनिफर लॉपेज लाइव देंगी परफॉरमेंस  
कार्यक्रम सुबह करीब 11 बजे शुरू हो जाएगा जिस दौरान गायिका-नृत्यांगना लेडी गागा राष्ट्रगान गाएंगी और अमांडा गोरमैन इस अवसर के लिए लिखी गयी एक खास कविता पढ़ेंगी। खबर है कि अभिनेत्री-गायिका जेनिफर लॉपेज इस दौरान प्रस्तुति देंगी।