logo

इंतजार खत्‍म! कल रांची लौट रहे जगरनाथ महतो, सबसे पहले मुख्‍यमंत्री से मिलेंगे

9726news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची: 
झारखंड सरकार के मंत्री जगरनाथ महतो(Jagarnath Mahato) को चेन्नई से झारखंड लाने की तैयारी राज्य सरकार की ओर से की जा रही है। जगरनाथ महतो को चेन्नई एमजीएम अस्पताल के चिकित्सकों ने झारखंड लौटने को लेकर सहमति दे दी है। उनकी तबीयत कोरोना संक्रमित होने के बाद काफी खराब हो गई थी। रांची में रिम्स और मेडिका अस्पताल(rims and medica hospital) में इलाज होने के बावजूद उनकी हालत नहीं सुधर रही थी और इसी को देखते हुए एयर एंबुलेंस(air ambulance) से चेन्नई उन्हें भेजा गया था। चेन्नई के एमजीएम अस्पताल में उनका लगातार इलाज चला, लंग्स ट्रांसप्लांट हुआ। इसके बाद चेन्नई में वह चिकित्सकों की निगरानी में स्वास्थ्य लाभ ले रहे थे। कल चार्टर्ड प्लेन से रांची आएंगे। रांची पहुंचते ही वो सबसे पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलेंगे। 

अब पूरी तरह स्वस्थ हो चुके हैं मंत्री
बताया जा रहा यही की जगरनाथ महतो स्वस्थ हो चुके हैं। चिकित्सकों की टीम ने उन्हें झारखंड वापस जाने की अनुमति दे दी है। इधर सरकार की ओर से उन्हें झारखंड वापस लाने की तैयारी की जा रही है। जानकारी के अनुसार रिम्स के चिकित्सीय विशेषज्ञों की टीम उन्हें चेन्नई से झारखंड वापस लाने चार्टर्ड विमान चेन्नई जा रहा है।

चेन्‍नई जाएगी डॉक्‍टरों की टीम
जगरनाथ महतो को लाने रिम्स के दो बड़े डॉक्टर चेन्नई जाएंगे। इसमें रिम्स क्रिटिकल केयर यूनिट के विभागाध्यक्ष डॉ. पी भट्टाचार्य शामिल रहेंगे। मेडिकल टीम पहले चेन्नई में उनकी मेडिकल जांच करेगी। स्वस्थ्य जांच होने के बाद ही विमान से कल जगरनाथ महतो को लेकर रांची चली आएगी। वहीं रांची आने के बाद वह रांची स्थित अपने आवास पर कुछ दिनों तक विश्राम करेंगे।