द फॉलोअप डेस्क
यूपी के बागपत जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां बडौत कस्बे में मंगलवार सुबह एक भयंकर हादसा हुआ, जिसमें 7 लोगों की जान चली गई। हादसा भगवान आदिनाथ के निर्वाण लड्डू पर्व के दौरान हुआ, जब मान स्तम्भ परिसर में लकड़ी से बना एक पैड अचानक गिर गया। बताया जा रहा है कि सीढ़ियां ध्वस्त होने के कारण 7 श्रद्धालु उसकी चपेट में आ गए। इन मृतकों में 2 महिलाएं और 5 पुरुष शामिल हैं। वहीं, इस हादसे में 80 से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों में पुरुषों के साथ-साथ महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
घटना के बाद मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे जाने पर परिजनों और स्थानीय समाज के लोगों ने विरोध किया। उन्होंने पोस्टमॉर्टम नहीं करवाने की मांग की। इसके साथ ही DM और SP का घेराव किया। इस दौरान मौके पर तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई, जहां SP अर्पित विजयवर्गीय पुलिस बल के साथ राहत-बचाव कार्य में जुटे हुए थे।
इस हादसे के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाने में भी दिक्कतें आईं, क्योंकि एम्बुलेंस की कमी थी। ऐसे में ई-रिक्शा में बैठाकर ही घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। यह हादसा बडौत के गांधी रोड स्थित श्री दिगंबर जैन डिग्री कॉलेज के पास हुआ। यहां पर धार्मिक कार्यक्रम के लिए एक 65 फीट ऊंचा मंच तैयार किया गया था। जैसे ही श्रद्धालु अस्थायी सीढ़ियों से मान स्तम्भ के पास स्थित भगवान आदिनाथ की प्रतिमा का अभिषेक करने के लिए चढ़ने लगे, सीढ़ियां भर-भराकर गिर गईं और कई लोग नीचे दब गए।
इस हादसे का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी संज्ञान लिया। सीएम ने घायलों के इलाज के लिए जिला प्रशासन को निर्देश दिए। साथ ही उनके शीघ्र स्वस्थ्य होने की कामना भी की।
