logo

पति की गर्लफ्रेंड को घर बुलाया और चाकू घोंपकर ले ली जान, गांव में हड़कंप

wb2.jpg

द फॉलोअप डेस्क :
पति के अवैध संबंध से नाराज पत्नी ने उसकी गर्लफ्रेंड की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी पत्नी ने पहले पति की गर्लफ्रेंड को घर बुलाया और फिर चाकू घोंपकर मार डाला। मामला पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिला अंतर्गत बेजा गांव का है। इस सनसनीखेज हत्याकांड से गांव में हड़कंप मच गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी के घर में तोड़-फोड़ की। मृतका की पहचान 43 वर्षीय प्रतिमा दास के रूप में हुई है। हत्यारोपी महिला का नाम पोली मंडल है। बताया जाता है कि पोली मंडल के पति बुद्धदेव मंडल का प्रतिमा के साथ अवैध संबंध था, जिसका विरोधी पोली करती थी। वह पति के अवैध संबंधों से नाराज थी। 
गौरतलब है कि हत्याकांड के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने शव को सड़क पर रखकर हंगामा किया। वे आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। इस दौरान ग्रामीणों की पुलिस से भी झड़प हो गई। 


पुलिस से भिड़ गये गांव वाले

ग्रामीणों और पुलिस के बीच नोंक-झोंक हुई। तनाव बढ़ने पर गांव में अतिरिक्त पुलिस बल और केंद्रीय वाहिनी तैनात कर दी गई। इसके बाद पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए रामपुरहाट मेडिकल कॉलेज और अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने बताया कि उसी गांव के बुद्धदेव मंडल और उसी गांव की प्रतिमा दास के बीच प्रेम प्रसंग था। इस घटना की जानकारी जब बुद्धदेव मंडल की पत्नी पोली मंडल को हुई तो उसने बुधवार की देर शाम प्रतिमा दास को अपने घर बुलाया और उसकी बेरहमी से हत्या कर दी।


मृतका की मां ने पुलिस से की ये मांग

मृतक की मां शांति दास का कहना है कि पोली मंडल ने उनकी बेटी को अपने घर बुलाया और उसकी हत्या कर दी। उसे मौत की सजा दी जानी चाहिए। प्रतिमा का एक बेटा और एक बेटी है। उनके बच्चों की देखभाल कौन करेगा? यह हत्या किस कारण से हुई, इस बारे में शांति दास कुछ नहीं बता सकीं। इधर पुलिस आरोपी पोली मंडल को गिरफ्तार कर थाने ले गयी है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।