द फॉलोअप डेस्क
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को ऐलान किया है कि उनकी सरकार महिला समृद्धि योजना को लागू करने को लेकर काम कर रही है। और बहुत जल्द शहर की पात्र महिलाओं को 2,500 रुपये की राशि प्रति माह प्रदान की जाएगी। रेखा गुप्ता ने कहा है कि इसमें समस्या यह है कि पिछले 12-14 सालों में दिल्ली में कोई नया राशन कार्ड जारी नहीं किया गया था, और इसी कारण से किसी भी कल्याणकारी योजना में कोई नया लाभार्थी नहीं जोड़ा जा सका।
रेखा गुप्ता ने कहा कि हमारी मंशा इस योजना को वैध और बेहतर तरीके से लागू करने की है, ताकि जिन पात्र लोगों के पास राशन कार्ड नहीं हैं, वे भी इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि हम इन योजनाओं को लागू करने के लिए फुलप्रूफ नीति पर काम कर रहे हैं। जिसे बहुत जल्द प्रदान किया जाएगा। बता दें कि इस साल के फरवरी में दिल्ली विधानसभा चुनावों से पहले, बीजेपी ने वादा किया था कि अगर वह चुनी गई, तो वह आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों की महिलाओं को हर माह 2,500 रुपये देगी।
इंडियन एक्सप्रेस की ओर से आयोजित 'एक्सप्रेस अड्डा' कार्यक्रम में सीएम ने कहा कि उनकी सरकार ने अपने 2025-26 के बजट में इस योजना को कार्यान्वित करने के लिए पहले ही 5,100 करोड़ रुपये मंजूर कर दिए हैं।
रेखा गुप्ता ने दिल्ली में वायु प्रदूषण से लड़ने और लोगों को प्रदूषण से राहत देने के लिए अपनी सरकार की प्रतिबद्धता पर भी जोर दिया और कहा कि इसके पीछे वाहनों से होने वाला प्रदूषण और धूल प्राथमिक कारण हैं। उन्होंने कहा कि 150 नई इलेक्ट्रिक बसों को शुक्रवार को हरी झंडी दिखाई जाएगी। उन्होंने आगे कहा कि इस साल के अंत तक इलेक्ट्रिक बसों का संख्या करीब 2,000 हो जाएगा, जबकि पूरे सार्वजनिक परिवहन बस बेड़े को इलेक्ट्रिक में बदलने में 1-1.5 साल लगेंगे।
सीएम ने कहा कि BJP 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में आई है। और अब हमारी सरकार न केवल उन 27 सालों के रुके हुए कामों को पूरा कर रहे हैं, बल्कि भविष्य के 27 सालों की भी तैयारी कर रहे हैं। ताकि BJP लोगों की इस तरह से सेवा करे कि वह 50 साल तक सत्ता में बनी रहे। रेखा गुप्ता ने अंत में कहा कि मौजूदा स्थिति में उन्हें नहीं लगता कि दिल्ली के लिए पूर्ण राज्य का दर्जा कोई मुद्दा है, क्योंकि अभी अन्य महत्वपूर्ण मुद्दे हैं, जिन पर ध्यान दिया जाना चाहिए।