द फॉलोअप डेस्क
एअर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर प्लेन अहमदाबाद में क्रैश हो गया है। इस विमान में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी समेत कुल 242 लोग सवार थे। यात्रियों में 52 ब्रिटिश और 6 पुर्तगाली नागरिक भी शामिल थे।इसमे एक यात्री को छोड़कर सभी की जान चली गई। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर दुनिया के सबसे भयावह विमान हादसों की यादें ताजा कर दी हैं।
हम आपको बता रहे हैं दुनिया के 5 सबसे बड़े विमान हादसे, जिन्होंने न सिर्फ एविएशन इंडस्ट्री को झकझोर दिया, बल्कि सुरक्षा नियमों में भी कई बदलाव लाने को मजबूर कर दिया।
1. चरखी दादरी विमान हादसा (भारत, 1996): 349 मौतें
भारत के इतिहास का सबसे भयानक विमान हादसा 12 नवंबर 1996 को हरियाणा के चरखी दादरी में हुआ था। एक कज़ाखिस्तान एयरलाइंस और सऊदी एयरलाइंस के दो विमान हवा में टकरा गए। दोनों विमानों में कुल 349 लोग सवार थे, और कोई भी जीवित नहीं बचा। यह हादसा एयर ट्रैफिक कंट्रोल और पायलट के बीच मिसकम्युनिकेशन और ऊंचाई की गलत जानकारी के कारण हुआ था।
2. टेनेरिफ एयरपोर्ट हादसा (स्पेन, 1977): 586 मौतें
27 मार्च 1977 को स्पेन के लॉस रोडियोस एयरपोर्ट पर दो बोइंग 747 विमान—KLM फ्लाइट 4805 और पैन एम फ्लाइट 1736—एक ही रनवे पर टकरा गए। दोनों को लॉस पामास एयरपोर्ट पर उतरना था, लेकिन बम धमाके के चलते डायवर्ट किया गया। रनवे पर ट्रैफिक बढ़ने और पायलट व कंट्रोलर के बीच गलतफहमी के कारण हुआ यह टक्कर, अब तक की सबसे घातक विमान दुर्घटना मानी जाती है। इसमें 586 लोगों की मौत हुई।
3. जापान एयरलाइंस फ्लाइट 123 (1985): 520 मौतें
12 अगस्त 1985 को जापान एयरलाइंस का बोइंग 747SR विमान उड़ान भरने के थोड़ी देर बाद पहाड़ों में क्रैश हो गया। प्रेशर सिस्टम के फेल होने से विमान का नियंत्रण छूट गया और वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में 520 लोग मारे गए। यह अब तक का सबसे बड़ा सिंगल-प्लेन क्रैश है।
4. तुर्कीश एयरलाइंस क्रैश (1974): 346 मौतें
3 मार्च 1974 को तुर्कीश एयरलाइंस का DC-10 विमान पेरिस के पास क्रैश हो गया। उड़ान के दौरान अचानक केबिन का दरवाजा खुल गया, जिससे एयर प्रेशर बिगड़ गया और प्लेन कंट्रोल से बाहर हो गया। इसमें 346 यात्रियों की मौत हुई। बाद में जांच में पाया गया कि यह हादसा विमान की डिज़ाइन में गड़बड़ी के कारण हुआ था।
5. सऊदी एयरलाइंस फ्लाइट 163 (1980): 301 मौतें
19 अगस्त 1980 को रियाद से उड़ान भरने के कुछ देर बाद सऊदी एयरलाइंस के लॉकहीड ट्राइस्टार विमान में आग लग गई। पायलट ने विमान को सुरक्षित उतार लिया, लेकिन फ्लाइट को समय रहते खाली नहीं कराया जा सका। इसके चलते 301 यात्रियों की धुएं से दम घुटने से मौत हो गई।
2024 में भी नहीं थमा हादसों का सिलसिला: 402 मौतें
साल 2024 में दुनिया भर में कुल 8 बड़े विमान हादसे हुए, जिनमें 402 लोगों की जान गई। इन हादसों की वजह ज्यादातर खराब मौसम और तकनीकी खराबी रही। इन्हीं में से एक हादसे में ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी समेत कई वरिष्ठ नेताओं की जान भी चली गई।