द फॉलोअप डेस्क
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा कोतवाली क्षेत्र के रामनगर खागूवाला गांव में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक की पत्नी उसे छोड़कर 8 साल पहले मायके चली गयी थी। गुरुवार को जब वह अचानक घर लौटी तो पति की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। खुशी में युवक ने जरूरत से ज्यादा शराब पी ली, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गयी और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गयी।
मृतक की पहचान 28 वर्षीय राजकुमार के रूप में हुई है। बतााया गया कि पत्नी को देखकर राजकुमार बेहद भावुक हो गया और जश्न मनाने के लिए शराब पीने लगा। लेकिन अधिक शराब पीने की वजह से उसकी हालत अचानक बिगड़ गयी। परिजन आनन-फानन में उसे लेकर राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वरिष्ठ उपनिरीक्षक विजेंद्र यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में राजकुमार की मौत का कारण अत्याधिक शराब पीना पाया गया है।
