logo

पश्चिम बंगाल में बस ड्राइवर के घर से मिले 28.5 करोड़ रुपये नकद और 15 किलो सोना, मिनार मंडल गिरफ्तार

Screenshot_2026-07-30_164015.jpg

पश्चिम बंगाल 
पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में पुलिस ने बुधवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए एक घर से 28.5 करोड़ रुपए से अधिक नकद और 15 किलो सोना बरामद किया। बरामद सोने की अनुमानित कीमत करीब 21.5 करोड़ रुपए है। इस तरह कुल बरामदगी लगभग 50 करोड़ रुपए की बताई जा रही है। नकदी की मात्रा इतनी अधिक थी कि उसे गिनने के दौरान पांच करेंसी काउंटिंग मशीनें खराब हो गईं। मामले में पुलिस ने मिनार मंडल को गिरफ्तार किया है और पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।
पूर्व बस ड्राइवर से बना कारोबारी, तुलु मंडल का करीबी निकला आरोपी
गिरफ्तार मिनार मंडल पहले राज्य परिवहन विभाग में बस चालक था। बाद में वह पत्थर कारोबार से जुड़ गया। पुलिस के अनुसार, वह फरार पत्थर कारोबारी तुलु मंडल उर्फ मोहम्मद नजीबुद्दीन का मैनेजर और रिश्ते में साला है। तुलु मंडल वही कारोबारी है, जिसकी बेटी की वर्ष 2024 में करीब 100 करोड़ रुपए की आलीशान शादी पूरे राज्य में चर्चा का विषय बनी थी। तुलु मंडल को पूर्व टीएमसी नेता अनुब्रत मंडल का करीबी भी माना जाता है। 
छापेमारी में पहले 20 करोड़ रुपए मिले, गिनती के बाद रकम बढ़ी
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने बुधवार रात मिनार मंडल के घर पर छापा मारा। शुरुआती तलाशी में करीब 20 करोड़ रुपए नकद बरामद हुए, लेकिन पूरी रात चली गिनती के बाद यह रकम बढ़कर 28.5 करोड़ रुपए हो गई। बरामद नकदी को लोहे के बक्सों में भरकर मोहम्मद बाजार थाना ले जाया गया, जहां से उसे बैंक में जमा कराने की प्रक्रिया शुरू की गई।
15 गोल्ड बार और 10 गोल्ड बिस्किट भी बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस ने 1-1 किलो के 14 गोल्ड बार और 100-100 ग्राम के 10 गोल्ड बिस्किट भी जब्त किए। इनकी कुल कीमत करीब 21.5 करोड़ रुपए आंकी गई है। पूछताछ में मिनार मंडल ने दावा किया कि बरामद नकदी और सोना तुलु मंडल का है। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इतनी बड़ी संपत्ति का स्रोत क्या है और इसके पीछे किन लोगों की भूमिका है। पुलिस को आशंका है कि बरामद नकदी पत्थर खदानों से वसूले गए सरकारी राजस्व का हिस्सा हो सकती है, जिसे सरकारी खजाने में जमा कराने के बजाय हड़प लिया गया। आरोप है कि वर्ष 2016-17 के दौरान तुलु मंडल ने बीरभूम की स्टोन क्वारियों में डीसीआर (District Collection Rate) की वसूली के दौरान करोड़ों रुपये की अनियमितता की थी। भाजपा का दावा है कि पहले जहां सरकार के खाते में प्रतिदिन 20-30 लाख रुपए जमा होते थे, वहीं अब यह राशि बढ़कर करीब 83 करोड़ रुपए प्रति माह हो गई है।
CBI और ED की जांच के दायरे में रह चुका है तुलु मंडल
तुलु मंडल पहले भी केंद्रीय जांच एजेंसियों के रडार पर रह चुका है। वर्ष 2022 में मवेशी तस्करी (कैटल स्मगलिंग) मामले में सीबीआई ने उसके ठिकानों पर छापेमारी की थी। इसके बाद प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भी उसे पूछताछ के लिए दिल्ली तलब किया था। हालांकि, इन मामलों में अब तक कोई अंतिम न्यायिक फैसला नहीं आया है।
मुख्यमंत्री बोले- जनता की संपत्ति लूटने वालों को नहीं बख्शेंगे
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार और अवैध सिंडिकेट के खिलाफ सरकार की 'जीरो टॉलरेंस' नीति जारी रहेगी। उन्होंने सोशल मीडिया पर छापेमारी की तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि जनता की संपत्ति लूटने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और माफिया नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
टीएमसी में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज
इतनी बड़ी बरामदगी के बाद तृणमूल कांग्रेस के भीतर भी सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। पार्टी के दोनों गुट एक-दूसरे पर आरोपी से संबंध होने के आरोप लगा रहे हैं। टीएमसी विधायक कुणाल घोष ने कहा कि जिन लोगों के यहां से नकदी बरामद हुई है, उनके कुछ नेताओं से करीबी संबंध बताए जा रहे हैं और जरूरत पड़ने पर उनसे भी पूछताछ होनी चाहिए। वहीं सांसद कल्याण बनर्जी ने बिना नाम लिए कहा कि बीरभूम लंबे समय तक एक प्रभावशाली नेता का गढ़ रहा है और अब आरोपियों के राजनीतिक संबंधों की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। दूसरी ओर, टीएमसी विधायक प्रसून बनर्जी ने पुलिस कार्रवाई की सराहना करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
100 करोड़ की शादी फिर बनी चर्चा का विषय
इस कार्रवाई के बाद वर्ष 2024 में तुलु मंडल की बेटी की भव्य शादी एक बार फिर सुर्खियों में आ गई है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इस शादी पर करीब 100 करोड़ रुपए खर्च किए गए थे। समारोह में बंगाली फिल्म इंडस्ट्री की कई हस्तियों के अलावा बॉलीवुड अभिनेता अरबाज खान और अभिनेत्री जरीन खान भी शामिल हुए थे।

Tags - West Bengal Birbhum Cash Seizure Breaking News Police Raid\