logo

लखीमपुर खीरी में पानी भरी खाई में पलटी कार, पांच युवकों ने बचाई पांच की जान

Screenshot_2026-08-26_165739.jpg

उत्तर प्रदेश
लखीमपुर खीरी के निघासन-पलिया स्टेट हाईवे पर मंगलवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे एक कार अनियंत्रित होकर पानी से भरी करीब 10 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसा दुर्गापुरवा और दुबहा गांव के बीच हुआ। कार में सवार तीन महिलाओं समेत पांच लोग पानी में डूबने लगे। तभी रास्ते से गुजर रहे पांच युवकों ने अपनी जान की परवाह किए बिना खाई में छलांग लगा दी और करीब 10 मिनट की मशक्कत के बाद सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। 


बाइक सवार को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा
टिकुनिया कोतवाली क्षेत्र के कड़िया डांगा निवासी अमरजीत सिंह उर्फ बॉबी कार चला रहे थे। उनके साथ गुरदीप सिंह, रेशमा कौर, परमजीत कौर और कोमल कौर सवार थीं। सभी लोग खटीमा जा रहे थे। बताया गया कि सामने से आ रहा एक बाइक सवार युवक मोबाइल पर बात करते हुए अचानक कार के सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पानी से भरी गहरी खाई में पलट गई।
पांच युवकों ने पानी में लगाई छलांग
हादसा देखते ही रास्ते से गुजर रहे सचेत मौर्य, अतीक अहमद, रमाकांत दीक्षित, मोबीन समेत पांच युवकों ने बिना किसी हिचकिचाहट के पानी में छलांग लगा दी और रेस्क्यू शुरू कर दिया। युवकों ने मानव श्रृंखला बनाकर कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की। करीब 10 मिनट की मशक्कत के बाद उन्होंने कार में सवार सभी पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस दौरान एक महिला बेहोश हो गई, जिसे इलाज के लिए निघासन सीएचसी ले जाया गया। बाकी सभी लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
रेस्क्यू का लाइव वीडियो आया सामने
हादसे के बाद रेस्क्यू का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में युवक पानी में खड़े होकर कार में फंसे लोगों को बाहर निकालते नजर आ रहे हैं। उनकी तत्परता और साहस के कारण पांच लोगों की जान बच सकी। इन पांचों युवकों की बहादुरी की इलाके में जमकर सराहना हो रही है। मुश्किल वक्त में बिना अपनी जान की परवाह किए उन्होंने जिस तरह पानी से भरी गहरी खाई में उतरकर लोगों की जान बचाई, वह मानवता और साहस की मिसाल है।

 

Tags - Lakhimpur Kheri News Uttar Pradesh News Road Accident Rescue Operation Brave Youths