द फॉलोअप डेस्क
उत्तर प्रदेश में मौसम का दोहरा असर देखने को मिल रहा है। एक ओर प्रदेश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी पड़ रही है, वहीं दूसरी ओर तेज आंधी-तूफान और बारिश ने भारी तबाही मचा दी है। बुधवार को प्रयागराज, अयोध्या समेत करीब 30 जिलों में आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली की घटनाओं में 94 लोगों की मौत हो गई। सबसे ज्यादा 17 मौतें प्रयागराज और 16 मौतें भदोही में दर्ज की गईं। कई जिलों में 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं, जबकि बांदा में तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने गुरुवार को 51 जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है।

मवेशी भी मरे
प्रदेश के प्रयागराज, भदोही, फतेहपुर और सोनभद्र समेत कई जिलों में तेज आंधी और बारिश के कारण भारी नुकसान हुआ है। कई जगह पेड़, दीवारें और बिजली के खंभे गिर गए, जिससे जनजीवन प्रभावित हो गया। प्राकृतिक आपदा के चलते बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इंसानों के साथ-साथ मवेशियों के मारे जाने की खबरें भी सामने आई हैं। प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
इस बीच बरेली जिले से एक डराने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक तेज आंधी के दौरान टीन शेड के साथ कई फीट ऊंचाई तक हवा में उड़ता दिखाई दे रहा है। जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान नन्हे के रूप में हुई है और यह घटना बरेली के भमोरा थाना क्षेत्र के बमियाना गांव की बताई जा रही है। युवक नीचे गिरने से घायल हो गया, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया
प्रदेश में भारी तबाही के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हालात का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों को 24 घंटे के भीतर मुआवजा देने और जिलाधिकारियों को फील्ड में उतरकर राहत कार्य की निगरानी करने को कहा है। मुख्यमंत्री कार्यालय लगातार सभी जिलों की स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि प्रभावित लोगों तक जल्द से जल्द मदद पहुंचाई जा सके।