द फॉलोअप डेस्क
उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती में तेज रफ्तार की चपेट में आकर 5 लोगों की मौत हो गई। जबकि 6 लोग गंभीर रूप से जख्मी हैं। घटना नेशनल हाइवे 730 की है, जहां शनिवार को तेज रफ्तार जायलो कार और यात्रियों से भरी ऑटो में जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे के बाद दोनों वाहन सड़क किनारे खड्ड में जा गिरे। इस सड़क हादसे में 5 लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, जानकारी मिलने के बाद पहुंची पुलिस राहत और बचाव कार्य में जुट गई। साथ ही घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस शवों को कब्जे में लेकर उनकी पहचान कराने में जुटी है।
गाड़ी में फंसे लोगों को निकाला बाहर
बता दें कि श्रावस्ती में हुए भीषण हादसे के बाद ऑटो और जायलो कार हाइवे के किनारे खड्ड में जा गिरे। इससे दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गये। इसके बाद स्थानीय लोगों ने हादसे की जानकारी पुलिस को दी। वहीं, मौके पर पुलिस टीम के साथ इकौना थाना प्रभारी निरीक्षक अश्वनी कुमार दूबे भी पहुंचे थे। वह भी टीम के साथ राहत और बचाव कार्य में जुट गए। इसके बाद पुलिस ने गाड़ियों में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद पाया गया कि बाहर निकाले गए लोगों में से 5 दम तोड़ चुके थे। जबकि 6 की हालत नाजुक थी।
घटनास्थल पर बुलाई गई 4 एंबुलेंस
वहीं, इस दौरान घटनास्थल पर 4 एंबुलेंस बुलाई गई, जिससे घायलों को CHC इकौना में भर्ती कराया गया। इसके बाद पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लिया। फिलहाल, बताया जा रहा है कि मारने वालों में कुछ लोग श्रावस्ती जनपद और कुछ बस्ती जिले के रहने वाले हैं।
