द फॉलोअप डेस्क:
यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने चौंकाने वाला बयान दिया है। उन्होंने कहा कि आजकल लड़कियां पढ़ाई के दौरान ही प्रेग्नेंट हो जाती हैं और इनमें से कइयों को बच्चा भी हो जाता है। राज्यपाल ने कहा कि बाद में उन बच्चों की जिम्मेदारी सरकार पर आ जाती है। उन्होंने लड़कियों से कहा कि आपलोग ऐसा पराक्रम मत कीजिए। दरअसल, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल लखनऊ के डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय के 24वें दीक्षांत में कुलाधिपति के तौर पर शामिल हुई थीं।
गर्वनर आनंदीबेन पटेल ने दीक्षांत समारोह में कहा कि मैं लव मैरिज के खिलाफ नहीं हूं, आप करिए लव मैरिज। आपको उनसे प्रेम है और उनको आपसे प्रेम है तो करिए शादी, लेकिन शादी तभी कीजिए जब आत्मनिर्भर बन जाइए। मेरा बेटा बेंगलुरु में पढ़ने गया था। मैंने उससे कह दिया था कि अगर कोई लड़की पसंद आए तो बता देना, शादी करा देंगे। हालांकि, उसे कोई लड़की पसंद आई ही नहीं।
गौरतलब है कि दीक्षांत समारोह राज्यपाल और कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने 62,537 अभ्यर्थियों को डिग्री और 53 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि दी। कुलाधिपति ने सबकी डिग्री को डिजीलॉकर पर अपलोड किया।

तकनीक से हमारी पहचान होती है!
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि तकनीक से यदि हमारी पहचान खोती है तो क्या यह सही है? उन्होंने कहा कि वास्तविक विकास वह है जो आधुनिकता और परंपरा का बेहतरीन समन्वय हो। आज कई यूनिवर्सिटी में पांडुलिपि पड़ी है, और उसे देखने वाला कोई नहीं है। यही वजह है कि हमारे पीएम ने दुर्लभ पांडुलिपि के डिजिटल संरक्षण के लिए उसे दिल्ली के एक सेंटर से एकत्रित करवाया है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि आप केवल तकनीक के उपभोक्ता नहीं, बल्कि सृजनकर्ता भी बनिए।