द फॉलोअप / नैशनल
भारत सरकार ने 21 जून को होने वाली NEET-UG की दोबारा परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष और सुरक्षित बनाने के लिए एक बहुत बड़ा कदम उठाया है। पेपर लीक होने की अफवाहों और सोशल मीडिया पर किए जा रहे फर्जी दावों को रोकने के लिए, सरकार ने प्रसिद्ध मैसेजिंग ऐप Telegram पर अस्थाई रूप से पाबंदी लगा दी है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की सलाह पर आईटी एक्ट की धारा 69A के तहत यह कार्रवाई की गई है। इस फैसले के मुताबिक, टेलीग्राम ऐप 22 जून तक पूरी तरह से बंद रहेगा। इसके साथ ही, ऐप के 'मैसेज एडिटिंग फीचर' पर 30 जून 2026 तक रोक लगा दी गई है ताकि कोई भी गलत जानकारी फैलाकर छात्रों को गुमराह न कर सके।
NTA STATEMENT REGARDING THE ACTION ON TELEGRAM PLATFORM IN INDIA
— National Testing Agency (@NTA_Exams) June 16, 2026
1. The National Testing Agency (NTA) welcomes the directions issued today in respect of the Telegram platform in India. The directions, issued on recommendations of NTA are calibrated and bounded in time:
(a) a…
IT एक्ट की धारा 69A के तहत आदेश जारी
जानकारी के अनुसार, सरकार ने यह आदेश सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 69A (Section 69A of IT Act) के अंतर्गत जारी किया है। इस आदेश के तहत भारत में टेलीग्राम प्लेटफॉर्म के एक्सेस को एक निर्धारित और सीमित अवधि के लिए प्रतिबंधित किया जाएगा। टेलीग्राम पर यह पूर्ण प्रतिबंध 22 जून 2026 को समाप्त हो जाएगा।
पेपर लीक की अफवाहों को रोकने के लिए मैसेज एडिटिंग फीचर पर रोक
NTA के अनुसार, पिछले कुछ वर्षों में टेलीग्राम के फीचर्स का इस्तेमाल राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं से जुड़ी फर्जी खबरें फैलाने के लिए किया गया था। परीक्षा के बाद पुराने मैसेजेस को एडिट करके कथित "पेपर लीक" के फर्जी सबूत तैयार करने की शिकायतें मिली थीं। भविष्य में कानूनी सबूतों के साथ छेड़छाड़ न हो, इसीलिए सरकार ने टेलीग्राम को भारत में पहले से पोस्ट किए गए संदेशों के लिए मैसेज एडिटिंग फीचर को बंद करने का निर्देश दिया है। यह एडिटिंग फीचर 30 जून 2026 तक इन-एक्टिव रहेगा।
21 जून को होने वाली NEET UG परीक्षा के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम
21 जून को आयोजित होने वाली NEET UG 2026 री-एग्जाम के लिए इस बार सुरक्षा व्यवस्था के बेहद कड़े इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने के लिए क्वेश्चन पेपर सेट करने वाले एक्सपर्ट्स को परीक्षा होने तक आइसोलेशन में रखा गया है। इसके अलावा, एग्जाम सेंटर्स पर प्रश्न पत्र पहुंचाने के लिए इंडियन एयरफोर्स की मदद ली जाएगी और परीक्षा केंद्रों पर ड्रोन व भारी पुलिस फोर्स की निगरानी में एग्जाम कराया जाएगा।
एडमिट कार्ड डाउनलोडिंग और टेक्निकल सर्वर पर NTA का अपडेट
हाल ही में खराब नेटवर्क और सर्वर डाउन होने के कारण कुछ छात्रों को एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में परेशानी का सामना करना पड़ा था, जिससे सोशल मीडिया पर चिंता बढ़ गई थी। इस पर तुरंत एक्शन लेते हुए NTA ने छात्रों को अफवाहों से दूर रहने और ऑफिशियल वेबसाइट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है। आज यानी 16 जून 2026 को NTA ने जानकारी दी कि अब तक लगभग 10 लाख छात्र अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर चुके हैं, और उनकी टेक्निकल टीम सर्वर से जुड़ी हर समस्या को ठीक करने में जुटी हुई है ताकि सभी छात्रों को समय पर एडमिट कार्ड मिल सके।