द फॉलोअप, रांची
पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर रेलवे स्टेशन पर टाटानगर–एर्नाकुलम एक्सप्रेस के ठहराव को रेलवे बोर्ड ने प्रयोगात्मक आधार पर मंजूरी दे दी है। भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एवं झारखंड से राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा और सांसद जोबा मांझी के प्रयासों के बाद यह निर्णय लिया गया है। रेलवे बोर्ड ने 27 अगस्त 2026 को ट्रेन संख्या 18189/18190 टाटानगर–एर्नाकुलम एक्सप्रेस के मनोहरपुर स्टेशन पर ठहराव की स्वीकृति प्रदान की। दरअसल, मनोहरपुर में महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग लंबे समय से की जा रही थी। डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने इस मांग को लेकर 3 अप्रैल 2025 को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखा था। पत्र में उन्होंने मनोहरपुर स्टेशन के महत्व का उल्लेख करते हुए टाटानगर–एर्नाकुलम एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेनों के ठहराव की मांग की थी।
इधर सांसद जोबा माझी ने 22 जनवरी 2026 को रांची में आयोजित सांसदों की मंडलीय समिति की बैठक में रेल यात्रियों की समस्याओं और क्षेत्र की रेल सुविधाओं को लेकर महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए थे। बैठक में उन्होंने रेल जीएम एवं डीआरएम के समक्ष टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस का मनोहरपुर में ठहराव देने की मांग प्रमुखता से रखी थी। सांसद ने बताया था कि मनोहरपुर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग रोजगार, शिक्षा, इलाज और अन्य कार्यों के लिए दक्षिण भारत सहित विभिन्न राज्यों की यात्रा करते हैं। ऐसे में इस महत्वपूर्ण ट्रेन का ठहराव यात्रियों के लिए काफी उपयोगी साबित होगा।

मनोहरपुर रेलवे स्टेशन राउरकेला, रांची और झारखंड-बंगाल के प्रमुख रेल मार्गों से जुड़ा है। इसके अलावा जामदा, किरीबुरू, गुवा और बड़बिल जैसे औद्योगिक क्षेत्रों में आने-जाने वाले यात्रियों के लिए भी यह स्टेशन काफी महत्वपूर्ण है। डॉ. वर्मा के पत्र के बाद 1 जुलाई 2025 को रेल मंत्रालय ने संबंधित अधिकारियों को मामले की ऑपरेशनल फिजिबिलिटी जांचने के निर्देश दिए थे। इसके बाद लगातार हुई कार्रवाई के परिणामस्वरूप रेलवे बोर्ड ने अब ट्रेन के ठहराव को मंजूरी दी है। बोर्ड ने इसे जल्द से जल्द सुविधाजनक तिथि से शुरू करने के निर्देश दिए हैं। डॉ. वर्मा ने मंजूरी के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और रेलवे बोर्ड का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मनोहरपुर में ट्रेन के ठहराव से हजारों यात्रियों को राहत मिलेगी। इससे श्रमिकों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और आम लोगों को बेहतर रेल सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र की औद्योगिक और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
.jpeg)